शराबियों को समझाने पहुंची पुलिस से भिड़े युवक, आरक्षक के हाथ में दांत से काटा,बुढ़ार बस स्टैंड पर नशे में राहगीरों से कर रहे थे गाली-गलौज

शहडोल। बुढ़ार बस स्टैंड पर शराब के नशे में हंगामा कर रहे लोगों को समझाने पहुंची पुलिस के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान एक युवक ने पुलिसकर्मी के साथ गाली-गलौज करते हुए उसकी वर्दी फाड़ दी और हाथ में दांत से काट लिया। घटना में आरक्षक घायल हो गया। उसके हाथ पर दांत से काटने के निशान भी बताए जा रहे हैं। मामले का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक गाली-गलौज करता दिखाई दे रहा है।
जानकारी के अनुसार, डायल 112 की टीम अपने नोडल प्वाइंट की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस स्टैंड पर कुछ लोग शराब के नशे में आपस में विवाद करते और सड़क से गुजर रहे राहगीरों के साथ गाली-गलौज करते दिखाई दिए। स्थिति को देखते हुए डायल 112 में तैनात पुलिसकर्मी ने इसकी सूचना थाने में दी। इसके बाद थाने से अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिसकर्मियों ने सभी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि नशे में धुत लोग शांत होने के बजाय पुलिस से ही उलझने लगे। इसी दौरान अविनाश पाठक नामक व्यक्ति ने पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता की, उसकी वर्दी फाड़ दी और हाथ में दांत से काट लिया। घायल पुलिसकर्मी ने अस्पताल पहुंचकर उपचार कराया। वहीं, दो लोगों का बुढ़ार अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया, जहां डॉक्टर ने उनके शराब के नशे में होने का उल्लेख किया है।
पुलिसकर्मी ने मामले की शिकायत बुढ़ार थाने में दर्ज कराई है। दूसरी ओर, दूसरे पक्ष ने भी पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। ऐसे में दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है। मामले में बुढ़ार थाना प्रभारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी।






































































