- सरगुजा और चर्चा कॉलरी के बीच हुआ रोमांचक मुकाबला, ग्रामीण अंचल में खेल प्रतिभाओं को मंच देने की पहल की सराहना
अनूपपुर। जिले के पुष्पराजगढ़ अंतर्गत ग्राम भेजरी स्थित रानी प्रभा कुमारी स्टेडियम में 5 अक्टूबर से आयोजित जगतगुरु माऊली सरकार अंतर्राज्यीय फुटबॉल टूर्नामेंट में शनिवार 31 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के सरगुजा और चर्चा कॉलरी की टीमों के बीच फुटबॉल मुकाबला खेला गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नगर परिषद बरगवां-अमलाई के वार्ड क्रमांक 7 के पार्षद एवं समाजसेवी पवन कुमार चीनी उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में धनपुरी नंबर-1 के समाजसेवी दीपक माझी लालू, भाजपा नेता दीपक पटेल, अवनीश पांडे एवं आदित्य उपाध्याय ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।उल्लेखनीय है कि इस अंतर्राज्यीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन नर्मदाअंचल वीर शिवाजी युवा संगठन, ग्राम अमगवां के तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजन के निवेदक भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम हैं। प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों की टीमों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है, जिससे ग्रामीण अंचलों में खेलों के प्रति उत्साह और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि पवन कुमार चीनी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रत्येक खिलाड़ी को खेल भावना के साथ मैदान में उतरना चाहिए। खेल में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण अनुशासन, आपसी सम्मान और खेल भावना होती है। जब खिलाड़ी पूरी ईमानदारी और सकारात्मक सोच के साथ खेलता है, तो उसका प्रदर्शन स्वयं अपनी पहचान बनाता है।उन्होंने कहा कि पुष्पराजगढ़ जैसे ग्रामीण क्षेत्र में इतने बड़े स्तर पर अंतर्राज्यीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन होना सराहनीय पहल है। इसके लिए उन्होंने आयोजन समिति एवं भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का लगातार आयोजन होना चाहिए, ताकि गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और अपनी पहचान बनाने का अवसर मिल सके।
वहीं विशिष्ट अतिथि समाजसेवी दीपक माझी लालू ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, एकता, समर्पण और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन होते रहने चाहिए, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि जब खिलाड़ी खेल भावना के साथ मैदान में उतरता है, तो उसका प्रदर्शन और व्यक्तित्व दोनों अलग पहचान बनाते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान क्षेत्र के खेल प्रेमियों एवं ग्रामीणजनों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। जगतगुरु माऊली सरकार अंतर्राज्यीय फुटबॉल टूर्नामेंट के माध्यम से ग्रामीण अंचल के खिलाड़ियों को एक बड़ा मंच मिल रहा है, जो क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।







































































