कोल इंडिया लिमिटेड के 52वें स्थापना दिवस के अवसर पर आज कोलकाता में आयोजित समारोह में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के पाँच अधिकारियों को विभिन्न श्रेणियों में प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सीएमडी बीसीसीएल श्री मनोज कुमार अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
पुरस्कार प्राप्त करने वाले अधिकारियों में श्री अनिल कुमार सिन्हा, क्षेत्रीय महाप्रबंधक, लोदना क्षेत्र को ‘सर्वश्रेष्ठ क्षेत्रीय महाप्रबंधक पुरस्कार’; श्री अरविंद सिन्हा, महाप्रबंधक (एस्टेट) को ‘सर्वश्रेष्ठ विभागाध्यक्ष पुरस्कार’; श्री हितेश वर्मा, महाप्रबंधक (विपणन एवं बिक्री) को ‘व्यक्तिगत उत्कृष्टता पुरस्कार’; श्रीमती रूपल भार्गव, सहायक प्रबंधक, झरिया मास्टर प्लान को ‘महिला उत्कृष्टता पुरस्कार (कार्यपालक श्रेणी)’ तथा श्री नवीन ठाकुर, वरीय प्रबंधक (खनन/टीएस टू सीवीओ) को ‘सतर्कता उत्कृष्टता पुरस्कार’ प्रदान किया गया।
कोल इंडिया के स्थापना दिवस जैसे प्रतिष्ठित अवसर पर बीसीसीएल के अधिकारियों को प्राप्त यह सम्मान उनके उत्कृष्ट कार्य निष्पादन, व्यावसायिक दक्षता, समर्पण एवं संगठन के प्रति प्रतिबद्धता का परिचायक है। यह उपलब्धि न केवल अधिकारियों की व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक उपलब्धियों को रेखांकित करती है, बल्कि बीसीसीएल की कार्यक्षमता एवं संस्थागत उत्कृष्टता को भी प्रतिबिंबित करती है।
इस अवसर पर सीएमडी बीसीसीएल, श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी तथा उनके उत्कृष्ट योगदान, कार्यनिष्ठा एवं समर्पण की सराहना की। उन्होंने सभी अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियाँ कंपनी के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।
बीसीसीएल परिवार के लिए यह गौरवपूर्ण उपलब्धि है, जो संगठन में उत्कृष्ट कार्य-संस्कृति, प्रतिबद्धता एवं निरंतर बेहतर प्रदर्शन की भावना को और प्रोत्साहित करती है।






































































