- पुष्प वाटिका में माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि, वक्ताओं ने दोनों नेताओं के ऐतिहासिक योगदान और विचारों को किया याद
मनेन्द्रगढ़। देश की दो महान राजनीतिक विभूतियों इंदिरा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेन्द्रगढ़ शहर की ओर से झगराखाण्ड स्थित इंदिरा गांधी पुष्प वाटिका में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि और सरदार पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने दोनों नेताओं के छायाचित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि इंदिरा गांधी का राजनीतिक जीवन साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रहित में लिये गये फैसलों के लिये जाना जाता है। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिये महत्वपूर्ण भूमिका निभाई वहीं सरदार वल्लभभाई पटेल ने रियासतों के एकीकरण के माध्यम से स्वतंत्र भारत को एकजुट करने में ऐतिहासिक योगदान दिया।
झगराखाण्ड मंडल अध्यक्ष दीपक श्रीवास्तव ने इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व और नेतृत्व को याद करते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता के प्रति उनका समर्पण हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता छोटे लाल वर्मा ने कहा कि इंदिरा गांधी का जीवन संघर्ष, त्याग और राष्ट्रसेवा का उदाहरण है। वरिष्ठ नेता ज्ञानेंद्र सिंह ने सरदार पटेल के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से देश की सैकड़ों रियासतें एकजुट हुईं और अखंड भारत की नींव मजबूत हुई। योगेंद्र खैरवार ने कहा कि दोनों महान नेताओं के विचार आज भी राष्ट्रसेवा और सामाजिक सद्भाव की दिशा दिखाते हैं।
जिला कांग्रेस महामंत्री पूनम सिंह ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की मजबूती और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया जबकि सरदार पटेल ने राष्ट्रीय एकता को मजबूत आधार प्रदान किया। नगर पंचायत झगराखाण्ड की नेता प्रतिपक्ष हेमलता ने कहा कि दोनों विभूतियों के आदर्शों को अपनाकर समाज और देश के विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिये।
कार्यक्रम में दीपक श्रीवास्तव, छोटे लाल वर्मा, पूनम सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, रामगोपाल यादव, हेमलता, कोमलकांत, अनीता खैरवार, योगेंद्र खैरवार, राकेश यादव, राजकुमार यादव, मोहम्मद सफी, विनोद जांगड़े, बबिता यादव, सिताकली, मोहम्मद फिरोज, मोहम्मद शाहिद, सिन्हा जी, शंकर प्रजापति, खुनेश्वर, कृष्णा चौधरी और गौतम सहित जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में उपस्थित कांग्रेसजनों ने दोनों महान विभूतियों के आदर्शों को आत्मसात करने और राष्ट्रीय एकता, अखंडता, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।






































































