सेवा संकल्प अभियान में पसान के 18 वार्डों में जले 23 हजार दीप
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर हुआ भव्य आयोजन, 17 अक्टूबर तक चलेंगे 13 प्रमुख कार्यक्रम

जमुना कोतमा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर को सेवा संकल्प अभियान के तहत पसान नगर पालिका क्षेत्र में विशेष आयोजन किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष राम अवध सिंह के नेतृत्व में नगर के सभी 18 वार्डों सहित नगर पालिका कार्यालय परिसर में करीब 23 हजार दीप प्रज्वलित किए गए।
दीप प्रज्वलन कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना का संदेश दिया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष राम अवध सिंह सहित भाजपा मंडल प्रभारी रश्मि खरे, क्रमांक 12 के पार्षद अब्दुल कलाम, भाजपा मंडल पसान अध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह, मुख्य नगरपालिका अधिकारी शशांक आर्मों, डॉ. आशीष यादव, संजय त्रिपाठी, फैयाज अहमद, यशस्वी सिंह, उपासना तिवारी, वेदिका सिंह, लीला सिंह, सविता सिंह और मृनगय पाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई
कार्यक्रम के दौरान नगर के विभिन्न वार्डों में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता करते हुए दीप प्रज्वलित किए। इससे नगर का वातावरण दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए सेवा, राष्ट्रनिर्माण और जनकल्याण के संकल्प को दोहराया
नगर पालिका अध्यक्ष राम अवध सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति सेवा एवं समर्पण की भावना को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। ऐसे आयोजनों से नागरिकों में सामाजिक जिम्मेदारी, एकजुटता और राष्ट्रसेवा की भावना और अधिक मजबूत होती है। उन्होंने अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और नगरवासियों का आभार व्यक्त किया
दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में नगर पालिका क्षेत्र के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वार्डों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान लोगों ने स्वच्छता, सेवा, सामाजिक सहयोग और जनहित के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। आयोजन को सफल बनाने में नगर पालिका के कर्मचारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा
बताया गया कि सेवा संकल्प अभियान आगामी 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस अवधि में सेवा, जनजागरूकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यों को बढ़ावा दिया जाएगा। अभियान को लेकर नगरवासियों में उत्साह का माहौल है


































































