सेफ क्लिक 2.0′ अभियान: 500 छात्र-छात्राओं ने निकाली साइबर जागरूकता रैली, अनूपपुर में गूंजे सुरक्षा के संदेश

---Advertisement---

‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान: 500 छात्र-छात्राओं ने निकाली साइबर जागरूकता रैली, अनूपपुर में गूंजे सुरक्षा के संदेश

कोतवाली पुलिस और शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के विद्यार्थियों ने दो किलोमीटर पैदल मार्च कर लोगों को साइबर ठगी से बचने किया जागरूक

 

अनूपपुर। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के बीच लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत मंगलवार को कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के लगभग 500 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के साथ विशाल साइबर जागरूकता रैली का आयोजन किया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने शहरवासियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी शेयर करने और साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक किया।

यह अभियान 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक पूरे मध्यप्रदेश में संचालित किया जा रहा है। जिले में अभियान का संचालन पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम एवं एसडीओपी नवीन तिवारी के निर्देशन में किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत कोतवाली पुलिस लगातार विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है।

रैली का शुभारंभ शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर से हुआ। छात्र-छात्राएं हाथों में साइबर सुरक्षा से जुड़े संदेश लिखी तख्तियां लेकर शंकर मंदिर तिराहा, अमरकंटक तिराहा होते हुए लगभग दो किलोमीटर पैदल मार्च कर पुनः विद्यालय पहुंचे। पूरे मार्ग में विद्यार्थियों ने आकर्षक नारों के माध्यम से लोगों को सतर्क रहने का संदेश दिया।

रैली के दौरान “अंजान लिंक पर क्लिक नहीं, साइबर ठगी को मौका नहीं”, “ओटीपी, पिन और पासवर्ड साझा किया तो मिलेगा दर्द”, “रुके, सोचें, सत्यापित करें, फिर क्लिक करें”, “लालच में न आएं, साइबर ठगी से खुद को बचाएं”, “सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित भविष्य” जैसे नारों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों ने ऑनलाइन लेन-देन में सावधानी बरतने, मजबूत पासवर्ड रखने तथा किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक या संदेश पर भरोसा नहीं करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी अरविंद जैन के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक गोविंद पनिका, आरक्षक प्रकाश तिवारी, अमित यादव और अर्जुन भदौरिया ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के नए तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे सतर्क रहने की अपील की। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य आर. के बाधवा सहित शिक्षक शिवनिवास तिवारी, रमाकांत द्विवेदी, प्रशांत पाण्डेय, कैलाश लाढ़िया, तबसुम, श्वेता, अर्चना मिश्रा, प्रियंका सिंह और हेतराम साहू भी रैली में शामिल रहे।

कोतवाली पुलिस ने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता ही सबसे प्रभावी हथियार है। यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन ठगी का शिकार होता है तो उसे तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करानी चाहिए। पुलिस का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाकर डिजिटल दुनिया को सुरक्षित बनाना है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment