एनसीएल में साइबर सुरक्षा जागरूकता सत्र का हुआ आयोजन
सुरक्षित आज, सुरक्षित कल’ थीम के तहत प्रतिभागियों को साइबर खतरों एवं डिजिटल सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक

नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह (अक्टूबर 2026) एवं सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के अंतर्गत गुरुवार को एमडीआई, एनसीएल मुख्यालय में साइबर सुरक्षा जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। ‘सुरक्षित आज, सुरक्षित कल’ थीम पर आयोजित इस सत्र में पूर्व महाप्रबंधक (सिस्टम) श्री सुरेश बेहरा ने मुख्य वक्ता के रूप में प्रतिभागियों को संबोधित किया।
श्री बेहरा ने अपने व्याख्यान में फिशिंग अटैक, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया स्कैम, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित साइबर खतरों तथा अन्य डिजिटल जोखिमों के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी। उन्होंने वास्तविक साइबर घटनाओं एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से प्रतिभागियों को साइबर खतरों की पहचान करने, उनसे बचाव के उपाय अपनाने तथा ऐसी घटनाओं की रिपोर्ट करने के प्रति जागरूक किया। सत्र के दौरान प्रतिभागियों के साथ संवाद भी किया गया।
कार्यक्रम में एनसीएल के विभागाध्यक्ष (एचआरडी) श्री पी. के. सिन्हा एवं विभागाध्यक्ष (सिस्टम) श्री एम. एम. डोंगरे भी उपस्थित रहे। एनसीएल की विभिन्न परियोजनाओं एवं मुख्यालय से कुल 38 प्रतिभागियों ने सत्र में भाग लिया।
सत्र के माध्यम से सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने तथा साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि साइबर सुरक्षा प्रत्येक व्यक्ति की साझा जिम्मेदारी है। कार्यक्रम का समापन सतर्क डिजिटल व्यवहार अपनाने और साइबर सुरक्षा के प्रति सक्रिय रहने के संकल्प के साथ हुआ।






































































