ब्यूरो रिपोर्ट शैलेंद्र जोशी
धार, /जिले के कटलावदा में हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी सद्भाव के प्रतीक हजरत बाबा फरीद का 5वां सालाना उर्स 29 और 30 नवंबर को आयोजित होगा। जश्ने बाबा फरीद को लेकर आयोजन समिति ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
उर्स की औपचारिक शुरुआत 28 नवंबर को परचम कुशाई और कुरआन खानी के साथ हो चुकी है। अब 29 और 30 नवंबर को मुख्य धार्मिक रस्में, चादर पेशी, संदल, गुलपोशी और कव्वाली की सूफियाना महफिलें सजेंगी।
उर्स में मध्यप्रदेश सहित आसपास के क्षेत्रों और देश के विभिन्न हिस्सों से जायरीन, श्रद्धालु और बाबा फरीद के अकीदतमंद शामिल होंगे। दो दिनों तक चलने वाले आयोजन में कव्वाल अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से बाबा फरीद की शान में सूफियाना कलाम पेश करेंगे।
29 नवंबर को संदल और चादर पेशी के साथ धार्मिक आयोजन होंगे। रात्रि में कव्वाली की महफिल सजेगी। इसमें देवा शरीफ, उत्तर प्रदेश से शावेज शाह फैज शाह वारसी कव्वाल और कपासन, राजस्थान से रईस फरीद साबरी कव्वाल अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
आयोजन को लेकर जश्ने बाबा फरीद कमेटी कटलावदा द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। कमेटी के पीरे तरीकत सूफी फिरोज साबरी, सदर एहसान पटेल साबरी, सूफी सादिक साबरी, मीडिया प्रभारी हाजी सवाब पटेल सहित अन्य पदाधिकारी व्यवस्थाओं में जुटे हैं।
कमेटी ने सभी धर्मावलंबियों और क्षेत्रवासियों से उर्स में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।












































