- मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ की साधारण सभा एवं प्रदेश कार्यसमिति की बैठक संपन्न, शहडोल संभाग के पदाधिकारियों ने दर्ज कराई सक्रिय सहभागिता
अनूपपुर। मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ की साधारण सभा एवं प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक 29 नवंबर 2026 को भोपाल में संपन्न हुई। बैठक में कर्मचारी हितों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों, लंबित मांगों के निराकरण तथा संगठन को प्रदेश स्तर पर और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर शहडोल संभाग के अनूपपुर, शहडोल एवं उमरिया जिले के पदाधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।संगठन के संभागीय अध्यक्ष बीपी तिवारी ने बताया की बैठक में संगठन की भावी रणनीति एवं आगामी कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए कर्मचारियों की समस्याओं को शासन-प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने, लंबित मांगों के निराकरण के लिए संगठित प्रयास करने तथा संभाग एवं जिला स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर विशेष जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए संगठन की एकजुटता तथा सक्रियता सबसे बड़ी ताकत है।

बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शैलेन्द्र पांडे, संभागीय अध्यक्ष बी.पी. तिवारी, संभागीय कार्यकारी अध्यक्ष नरेन्द्र देवांगन, शहडोल जिला अध्यक्ष हरेंद्र कुमार, जिला सचिव मिथिलेश शर्मा, उमरिया जिला अध्यक्ष रवि पाठक एवं जिला सचिव रामभगत यादव सहित अनूपपुर, शहडोल एवं उमरिया जिले के अनेक पदाधिकारी और संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।बैठक के समापन अवसर पर सभी पदाधिकारियों ने एकजुटता के साथ कर्मचारी हितों के लिए निरंतर संघर्ष करने तथा संगठन की पहुंच बूथ एवं ब्लॉक स्तर तक सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक सक्रिय, सशक्त एवं प्रभावशाली बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर सहमति व्यक्त की गई।













































