नौकरी दिलाने के नाम पर 13.69 लाख रुपयों की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

---Advertisement---

नौकरी दिलाने के नाम पर 13.69 लाख रुपयों की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

छात्रावास अधीक्षक के पद पर नियुक्ति का दिया था झांसा, रकम वापस मांगने पर धमकी देने का आरोप, अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

बैकुण्ठपुर। नौकरी दिलाने का झांसा देकर 13 लाख 69 हजार रुपयों की धोखाधड़ी करने के मामले में बैकुण्ठपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि छात्रावास अधीक्षक के पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर प्रार्थी से अलग अलग किश्तों में नगद और बैंक खाते के माध्यम से रकम ली गई। पैसे वापस मांगने पर उसे जान से मारने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले के अन्य आरोपी अभी फरार हैं।

नौकरी के नाम पर किश्तों में ली रकम

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आमापारा निवासी संतोष कुमार सारथी पिता छोटेलाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अनुराधा भगत और अन्य लोगों ने उसे नौकरी दिलाने का भरोसा देकर कुल 14 लाख रुपयों की धोखाधड़ी की है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि रकम वापस मांगने पर उसे धमकियां दी जाने लगीं। शिकायत की जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने छात्रावास अधीक्षक के पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर 16 अप्रैल 2024 से 28 मार्च 2025 के बीच कई किश्तों में कुल 13 लाख 69 हजार रुपये प्राप्त किये। यह रकम नगद और बैंक खाते के माध्यम से ली गई थी। जांच में धोखाधड़ी और धमकी से संबंधित आरोप प्रमाणित पाये जाने पर थाना बैकुण्ठपुर में अपराध क्रमांक 301/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 351(3), 61(2) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई

सरगुजा और कोरिया जिले के निवासी हैं गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने मामले में अनुराधा लकड़ा 32 वर्ष पति राजकुमार लकड़ा निवासी कछार थाना धौरपुर जिला सरगुजा वर्तमान निवासी बंगाली चौक बौरीपारा अंबिकापुर और जोखन लाल 61 वर्ष पिता स्वर्गीय बैजनाथ निवासी सरभोका गोहला सरई थाना पटना वर्तमान निवासी बाबू कॉलोनी प्रेमाबाग बैकुण्ठपुर जिला कोरिया को गिरफ्तार किया है

दोनों आरोपियों को 15 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले में आगे की विवेचना जारी है

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment