पसान, अनूपपुर। भक्ति संगीत के क्षेत्र में नगर पालिका परिषद पसान के गायक अन्नू मिश्रा अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। बचपन से ही माता रानी की भक्ति में रुचि रखने वाले अन्नू मिश्रा घर पर देवी गीत गुनगुनाया करते थे। उनके पिता महेश (ललन) मिश्रा ने उन्हें संगीत की शिक्षा देकर गायन के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
छोटे मंचों से अपनी गायकी की शुरुआत करने वाले अन्नू मिश्रा को धीरे-धीरे श्रोताओं का प्यार मिलने लगा। उन्होंने बड़े मंचों पर भी प्रस्तुति दी और अल्ताफ राजा, हमसर हयात निजामी सहित मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के कलाकारों के साथ गाने का अवसर प्राप्त किया।
अन्नू मिश्रा स्वयं अपने गीत लिखते और गाते हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के देवी-देवताओं पर आधारित अनेक भक्ति गीत तैयार किए हैं। इनमें उमरिया की प्रकट भाई देवी, ज्वाला मां, मन की राय के आल्हा और पाली की लाली-लाली चुनरी जैसे गीत शामिल हैं। उनका उद्देश्य अपनी रचनाओं के माध्यम से धार्मिक आस्था और क्षेत्रीय लोक संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाना है।






































































