सीसीएल में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता, 37वीं कॉर्पोरेट त्रिपक्षीय सुरक्षा समिति की बैठक में श्रमिक हितों पर मंथन

---Advertisement---

सीसीएल में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता, 37वीं कॉर्पोरेट त्रिपक्षीय सुरक्षा समिति की बैठक में श्रमिक हितों पर मंथन

महिलाओं के लिए बेहतर सुविधाएं, आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र, स्वास्थ्य परीक्षण और सुरक्षा मानकों को मजबूत बनाने पर बनी सहमति

रांची, 28 जुलाई। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) में मंगलवार को 37वीं कॉर्पोरेट स्तरीय त्रिपक्षीय सुरक्षा समिति (कॉर्पोरेट-लेवल ट्रिपार्टाइट सेफ्टी कमेटी) की बैठक सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक में खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीजीएमएस), सीसीएल प्रबंधन तथा सीसीएल सेफ्टी बोर्ड के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर खदानों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर व्यापक चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) निलेंदु कुमार सिंह ने की।

बैठक में खदानों में लागू सुरक्षा मानकों, उनके प्रभावी अनुपालन तथा पिछली त्रिपक्षीय सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए सुझावों और अनुशंसाओं पर हुई प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही कार्यस्थल सुरक्षा, व्यावसायिक स्वास्थ्य, वैधानिक अनुपालन तथा खदान कर्मियों के कल्याण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि श्रमिकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सुरक्षा संस्कृति को और मजबूत किया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ डिप्टी डायरेक्टर जनरल (डीडीजी), सेंट्रल जोन आर. टी. मंडेकर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर डीजीएमएस के अधिकारियों, सीसीएल के निदेशकगण, वरिष्ठ अधिकारियों तथा सेफ्टी बोर्ड के सदस्यों की उपस्थिति रही। उद्घाटन के बाद सभी अतिथियों एवं सेफ्टी बोर्ड के सदस्यों का शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया।

बैठक के प्रारंभिक सत्र में सेफ्टी बोर्ड के सदस्यों ने कोयला खदानों में सुरक्षा से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए अनेक व्यवहारिक सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने खदानों में दुर्घटना रोकथाम, आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के उपयोग तथा कर्मचारियों में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने पर विशेष बल दिया। समिति ने इन सुझावों का स्वागत करते हुए उन्हें भविष्य की कार्ययोजना में शामिल करने पर सहमति व्यक्त की।

डिप्टी डायरेक्टर जनरल (डीडीजी), साउथ ईस्ट जोन एस. एस. प्रसाद ने अपने संबोधन में खदानों में कार्यरत महिलाओं के लिए आधारभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, सुविधाजनक कार्य वातावरण तथा वार्षिक प्रीलिमिनरी मेडिकल एग्जामिनेशन (पीएमई) के लिए आवश्यक चिकित्सा अधोसंरचना को आधुनिक एवं सुदृढ़ बनाने का सुझाव दिया।

वहीं डीडीजी, सेंट्रल जोन आर. टी. मंडेकर ने महिला कर्मियों के लिए अलग एवं पर्याप्त वॉशरूम का शीघ्र निर्माण कराने पर जोर दिया। उन्होंने आधुनिक तकनीक से लैस व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र (वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर) स्थापित करने का भी सुझाव दिया ताकि कर्मचारियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने नए श्रम संहिता के अंतर्गत व्यावसायिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य (ओएसएच) प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विशेष टास्क फोर्स गठित करने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही अन्य उपक्रमों में अपने अनुभव साझा करते हुए कई छोटे लेकिन उपयोगी सुझाव दिए, जिन्हें बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने सराहा।

बैठक को संबोधित करते हुए सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने डीजीएमएस के अधिकारियों, विशेष रूप से डीडीजी सेंट्रल जोन एवं डीडीजी साउथ ईस्ट जोन द्वारा दिए गए सुझावों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा सीसीएल की सर्वोच्च प्राथमिकता है और समिति द्वारा दिए गए सभी व्यवहारिक सुझावों को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षित कार्य वातावरण ही बेहतर उत्पादन का आधार है तथा सभी हितधारकों के सहयोग से सुरक्षा मानकों को और मजबूत किया जाएगा।

सीएमडी ने खदानों में कार्यरत सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सुरक्षा विशेषज्ञों का आह्वान करते हुए कहा कि सुरक्षा और उत्पादन एक-दूसरे के पूरक हैं। यदि प्रत्येक कर्मचारी सुरक्षा नियमों का पूर्ण पालन करेगा तो न केवल दुर्घटनाओं में कमी आएगी बल्कि देश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए निर्धारित कोयला उत्पादन लक्ष्य भी सफलतापूर्वक हासिल किया जा सकेगा।

बैठक का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। कार्यक्रम में यह संकल्प दोहराया गया कि सीसीएल भविष्य में भी सुरक्षा, स्वास्थ्य और श्रमिक कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आधुनिक एवं सुरक्षित खनन व्यवस्था विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

Leave a Comment