सीपीआरएमएस की ₹40 हजार कटौती पूरी, कर्मचारियों को प्रमाण-पत्र अब तक नहीं
इंटक ने एसईसीएल प्रबंधन से उठाया मुद्दा, भविष्य में परेशानी से बचाने तत्काल प्रमाण-पत्र जारी करने की मांग

कुसमुण्डा। साउथ ईस्टर्न कोयला मजदूर कांग्रेस (इंटक), एसईसीएल कुसमुण्डा क्षेत्र ने कर्मचारियों से संबंधित सीपीआरएमएस की कटौती पूर्ण होने के बाद प्रमाण-पत्र जारी किए जाने का मुद्दा उठाया है। एसईकेएमसी (इंटक) कुसमुण्डा क्षेत्र के महासचिव राजू लाल सोनी ने इस संबंध में स्टाफ अधिकारी (मानव संसाधन), कुसमुण्डा क्षेत्र को पत्र लिखकर कर्मचारियों को शीघ्र प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने की मांग की है।
इंटक महासचिव ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि कुसमुण्डा क्षेत्रीय मुख्यालय एवं कुसमुण्डा परियोजना में कार्यरत कर्मचारियों के वेतन से पूर्व से प्रत्येक माह 2,000 रुपये की दर से सीपीआरएमएस की राशि काटी जा रही है। निर्धारित कुल 40,000 रुपये की कटौती अधिकांश कर्मचारियों के मामले में पूर्ण हो चुकी है और संबंधित राशि जमा भी हो गई है। इसके बावजूद कटौती पूर्ण होने के बाद कर्मचारियों को अब तक प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं कराया गया है।
राजू लाल सोनी ने कहा कि कर्मचारियों के वेतन से नियमित रूप से राशि की कटौती होने के बाद उसका रिकॉर्ड एवं प्रमाण-पत्र कर्मचारियों को उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है। प्रमाण-पत्र नहीं मिलने की स्थिति में भविष्य में कर्मचारियों को अपने सीपीआरएमएस से संबंधित जानकारी, रिकॉर्ड अथवा किसी आवश्यक प्रक्रिया के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने प्रबंधन का ध्यान इस ओर भी आकृष्ट कराया कि कर्मचारियों की मेहनत की कमाई से निर्धारित अवधि तक राशि की कटौती कर जमा की गई है। ऐसे में कटौती पूर्ण होने के बाद संबंधित कर्मचारी को इसकी पुष्टि के रूप में प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाना पारदर्शिता की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।
इंटक नेता ने एसईसीएल प्रबंधन से मांग की है कि कुसमुण्डा क्षेत्रीय मुख्यालय एवं कुसमुण्डा परियोजना में कार्यरत जिन कर्मचारियों के सीपीआरएमएस की ₹40,000 की निर्धारित कटौती पूर्ण हो चुकी है, उनका आवश्यक रिकॉर्ड जांचकर उन्हें प्रमाण-पत्र जारी किया जाए। साथ ही जिन कर्मचारियों की कटौती अभी पूर्ण नहीं हुई है, उनके संबंध में भी स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए।
राजू लाल सोनी ने उम्मीद जताई है कि प्रबंधन कर्मचारियों की इस महत्वपूर्ण समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करेगा, ताकि भविष्य में सीपीआरएमएस से संबंधित किसी भी प्रकार की असुविधा या विवाद की स्थिति निर्मित न हो।
इंटक ने स्पष्ट किया है कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े ऐसे विषयों को प्राथमिकता के साथ प्रबंधन के समक्ष उठाया जाता रहेगा और कर्मचारियों को उनके अधिकार एवं सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के लिए संगठन लगातार प्रयासरत रहेगा।

































































