बडहर में सड़क हादसे में गई 21 वर्षीय युवक की जान, ट्रैक्टर चालक पर मामला दर्ज

---Advertisement---
  • घटना के 39 दिन बाद 24 नवंबर को दर्ज हुई प्राथमिकी, तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप

विजय शंकर सोनी अनूपपुर — अनूपपुर जिले के ग्राम बडहर में तेज रफ्तार और लापरवाही से ट्रैक्टर चलाने के कारण हुए सड़क हादसे में 21 वर्षीय बाइक सवार युवक की जान चली गई। घटना के बाद जिला चिकित्सालय अनूपपुर में उपचार के दौरान युवक की मृत्यु हो गई थी। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच में ट्रैक्टर चालक की लापरवाही सामने आने के बाद थाना कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने 24 नवंबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज कर प्रकरण विवेचना में लिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 16 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 5 बजे ग्राम बडहर में गोकुल यादव के घर के पास स्थित हैंडपंप के नजदीक हुई थी। सकरा स्कूल से साइकिल से घर लौट रहे प्रदीप सिंह ने अपने पिता चंद्रशेखर सिंह को फोन पर घटना की जानकारी दी थी। उसने बताया कि उसके आगे नीले रंग का स्वराज ट्रैक्टर क्रमांक MP65 ZD5137 तेज गति से लहराते हुए जा रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक ने सामने चल रही टीकम सिंह की पल्सर मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि मोटरसाइकिल सवार टीकम सिंह सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनके सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं तथा काफी रक्तस्राव हुआ। घटना के बाद मौके पर मौजूद गोकुल यादव की मदद से घायल टीकम सिंह को ऑटो में बैठाकर जिला चिकित्सालय अनूपपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। हालांकि, उपचार के दौरान उसी दिन शाम करीब 7:30 बजे टीकम सिंह की मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना जिला चिकित्सालय अनूपपुर पुलिस सहायता केंद्र के माध्यम से पुलिस को दी गई। अस्पताल से प्राप्त सूचना के आधार पर 16 अक्टूबर 2026 को मर्ग इंटीमेशन लिया गया तथा 17 अक्टूबर 2026 को थाना कोतवाली अनूपपुर में मर्ग क्रमांक 71/2026 धारा 194 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत मर्ग कायम किया गया। इसके बाद मर्ग डायरी अग्रिम जांच के लिए थाना कोतवाली पहुंची।

मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने फरियादी चंद्रशेखर सिंह, मृतक के पिता बालकरण सिंह, गोकुल यादव, सूरज सिंह और प्रत्यक्षदर्शी प्रदीप सिंह के अलग-अलग कथन दर्ज किए। इसके साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण कर नजरी नक्शा तैयार किया गया। जांच में प्राप्त तथ्यों और बयानों के आधार पर दुर्घटना में ट्रैक्टर की भूमिका तथा चालक की लापरवाही की जांच की गई।

पुलिस की जांच में प्रथम दृष्टया नीले रंग के स्वराज ट्रैक्टर क्रमांक MP65 ZD5137 के चालक तेजराज सिंह निवासी ग्राम खोह, थाना धनपुरी, जिला शहडोल के विरुद्ध तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर दुर्घटना कारित करने का मामला सामने आया। इसके आधार पर थाना कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने 24 नवंबर 2026 को आरोपी ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1), 281 एवं 125(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना में लिया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment