ब्यूरो रिपोर्ट शैलेंद्र जोशी
धार। श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा श्री गुरु नानक दरबार, गुरुनानक मार्ग, चिटनीस चौक धार में सिख धर्म के प्रथम गुरु, श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में दिनांक 16 नवंबर से 20 नवंबर तक प्रतिदिन प्रातः प्रभात फेरी निकाली गई। इसके पश्चात 21 नवंबर को भव्य नगर कीर्तन निकाला गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साह एवं श्रद्धा के साथ भाग लिया।
इस पावन अवसर पर दिनांक 22 नवंबर 2026 को श्री अखंड पाठ साहिब का शुभारंभ किया गया, जिसकी संपूर्णता 24 नवंबर 2026, मंगलवार को प्रातः 11:00 बजे हुई।
अखंड पाठ साहिब की समाप्ति के उपरांत प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक विशेष कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया। इसमें हजूरी रागी जत्थे एवं सिक्ख मिशनरी लुधियाना के रागी जत्थे तथा बच्चों द्वारा मधुर गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत किया गया। कीर्तन के माध्यम से संगत को गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं, मानवता, प्रेम, समानता एवं सेवा भाव का संदेश दिया गया।
इसके पश्चात सर्वजन की सुख-समृद्धि एवं सभी की भलाई के लिए अरदास की गई। कार्यक्रम के अंत में गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरु का प्रसाद ग्रहण किया।
समस्त आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं सेवा भावना के वातावरण में संपन्न हुआ।












































