- उषा अर्घ्य के साथ सम्पन्न हुआ लोक-आस्था का महापर्व छठ। श्रद्धा, भक्ति और परंपरा के संगम में सराबोर रहा बीसीसीएल परिवार।
लोक-आस्था और सूर्योपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ के अंतिम दिन आज बीसीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री मनोज कुमार अग्रवाल एवं उनकी धर्मपत्नी तथा छठव्रती श्रीमती अर्चना अग्रवाल (अध्यक्षा दीक्षा महिला मंडल) ने परिवार सहित कोयला नगर स्थित मानसरोवर तालाब में पूर्ण विधि-विधान और श्रद्धा भाव के साथ उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।
इस अवसर पर निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) श्री राजेश कुमार एवं श्रीमती नीता कुमार (उपाध्यक्षा, दीक्षा महिला मंडल) के अतिरिक्त बीसीसीएल मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, उनके परिजन तथा दीक्षा महिला मंडल की सदस्याएँ बड़ी संख्या में छठ घाट पर उपस्थित रहीं और सभी ने श्रद्धा-भाव से सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया। विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में अपनी सहभागिता की तथा इस पावन अनुष्ठान में भाग लिया।

अर्घ्य अर्पण के पश्चात सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने उपस्थित सभी को महापर्व छठ की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि छठ एक महान अनुष्ठान है, जो हमें अनुशासन, श्रद्धा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता की भावना को जीवन में उतारने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि इस महापर्व की विशेषता इसकी सादगी, पवित्रता एवं व्यापक जनसहभागिता में निहित है, जो समाज के प्रत्येक वर्ग को एक सूत्र में जोड़ती है। उन्होंने सभी के जीवन में सकारात्मकता, सुख-शांति एवं निरंतर उन्नति की मंगलकामना की।
इस अवसर पर श्रीमती अर्चना अग्रवाल ने कहा कि महापर्व छठ आस्था, पवित्रता, त्याग एवं समर्पण का अनुपम पर्व है। उन्होंने इस पावन अनुष्ठान में सहभागी बने बीसीसीएल परिवार के सभी सदस्यों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। अर्घ्य अर्पण के पश्चात उन्होंने उपस्थित बीसीसीएल परिवार के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं के बीच फल एवं प्रसाद का वितरण किया तथा सभी के सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर प्रगति की मंगलकामना की।

आज उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही सीएमडी आवास पर आयोजित चार दिवसीय महापर्व छठ का विधिवत समापन हुआ। पूरे आयोजन के दौरान बीसीसीएल परिवार के अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिजनों एवं दीक्षा महिला मंडल की सदस्याओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही तथा संपूर्ण आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास से परिपूर्ण रहा।











































