ब्यूरो रिपोर्ट शैलेंद्र जोशी
धार। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री और धार-महू सांसद सावित्री ठाकुर के प्रयासों से धार जिले में महिला सुरक्षा के लिए निर्भया प्रोजेक्ट के तहत सात प्रमुख घटकों को मंजूरी मिली है। केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत इस परियोजना का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण, सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी और महिला-अनुकूल सुविधाएं विकसित करना है।
सावित्री ठाकुर ने महिला सुरक्षा को हमेशा प्राथमिकता दी है। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नारी शक्ति सम्मान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के महिला कल्याण प्रयासों के अनुरूप है।
इन सात घटकों को मिली मंजूरी
निर्भया प्रोजेक्ट के तहत धार में महिला संचालित इलेक्ट्रिक दोपहिया गश्ती वाहन, महिला पुलिस त्वरित प्रतिक्रिया वाहन, हाई मास्ट लाइटिंग, पिंक टॉयलेट परिसर एवं प्रतीक्षालय, एआई आधारित सीसीटीवी कैमरे, महिला-अनुकूल इनडोर खेल परिसर और पिंक पुलिस आउटपोस्ट विकसित किए जाएंगे। सीसीटीवी व्यवस्था के साथ पांच वर्ष के रखरखाव का प्रावधान भी है।
समीक्षा के दौरान पिंक लाइब्रेरी के लिए अधिक सुलभ स्थान के चयन और आत्मरक्षा प्रशिक्षण को जागरूकता कार्यक्रम में शामिल करने पर भी विचार किया गया है। संशोधित प्रस्ताव राज्य स्तर पर समीक्षा और मुख्य सचिव की स्वीकृति के बाद आगे बढ़ेगा।
सावित्री ठाकुर ने कहा कि सुरक्षित वातावरण, सम्मान और समान अवसर महिला सशक्तीकरण की आधारशिला हैं। महिला सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए प्रयास जारी रहेंगे।







































































