अनूपपुर 29 अक्टूबर 2026/ अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में जिला अनूपपुर में राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण, नवीन मतदान केंद्रों के प्रस्तावों तथा मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों से प्राप्त नवीन मतदान केंद्रों के प्रस्तावों तथा दूरी की समस्या को दृष्टिगत रखते हुए मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। चर्चा के उपरांत प्रस्तावों का अनुमोदन किया गया।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष अभियान के लिए निर्धारित तिथियों 22 एवं 23 नवंबर तथा 5 एवं 6 दिसंबर को अधिक से अधिक नवीन मतदाताओं एवं मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों के नाम निर्वाचक नामावली में जोड़ने के संबंध में चर्चा की गई। साथ ही मतदाता सूची के प्रकाशन के लिए निर्धारित कार्यक्रम एवं तिथियों से उपस्थित प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में प्राप्त प्रपत्र-6, प्रपत्र-7 एवं प्रपत्र-8 की जानकारी दी। उन्होंने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से नवीन एवं छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी संबंधितों के समन्वित प्रयासों से मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाकर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रकाशित किया जा सकेगा।







































































