अमरकंटक में ‘अर्नब तूफान’ के असर से मूसलाधार बारिश , जनजीवन अस्त-व्यस्त

---Advertisement---

अमरकंटक में ‘अर्नब तूफान’ के असर से मूसलाधार बारिश , जनजीवन अस्त-व्यस्त

24 घंटे से लगातार वर्षा के चलते बढ़ी ठंडक , मजदूरों की रोजी-रोटी पर असर , पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित

संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में ‘अर्नब तूफान’ के प्रभाव से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है । बीते 24 घंटे से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन की रफ्तार थाम दी है । गुरुवार 29 अक्टूबर को भी वर्षा का सिलसिला जारी रहने से ठंडक बढ़ गई है । लगातार बारिश के कारण आम लोगों को दैनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है ।
जानकारी के अनुसार मंगलवार 27 अक्टूबर की दोपहर से ही आसमान में काले बादल छाने लगे थे । इसके बाद बुधवार शाम करीब 4 बजे से शुरू हुई बारिश लगातार जारी है । रुक-रुककर कभी तेज तो कभी मध्यम गति से हो रही वर्षा ने नगर की सामान्य गतिविधियों को प्रभावित कर दिया है । ठंडी हवाओं के चलते लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है

मजदूरों की रोजी-रोटी प्रभावित

लगातार बारिश का सबसे अधिक असर दैनिक मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करने वाले श्रमिकों पर पड़ा है । बारिश के कारण पुरुष एवं महिला मजदूर काम पर नहीं जा पा रहे हैं , जिससे उनकी रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है । स्थानीय नागरिकों को भी जरूरी कामों के लिए घरों से बाहर निकलने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है

पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियां धीमी

अमरकंटक के प्रमुख धार्मिक स्थलों एवं पर्यटन क्षेत्रों में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की आवाजाही पर भी बारिश का असर दिखाई दे रहा है । नर्मदा उद्गम मंदिर के आसपास कुछ दुकानों के बंद रहने से व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं
लगातार वर्षा और ठंडे मौसम के कारण
बाजारों में भी सामान्य दिनों की अपेक्षा कम चहल-पहल नजर आ रही है

बादलों से ढकी वादियां, बढ़ी ठंडक

लगातार बारिश के चलते अमरकंटक की सुरम्य वादियां बादलों से ढकी हुई हैं । प्रकृति का मनोहारी दृश्य जहां पर्यावरण प्रेमियों को आकर्षित कर रहा है , वहीं बारिश और ठंडी हवाओं ने लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं  सड़कों और रास्तों पर फिसलन के कारण आवागमन में सावधानी बरतना जरूरी हो गया है । अर्नब तूफान के प्रभाव के बीच जारी बारिश ने अमरकंटक के जनजीवन , मजदूरी , कारोबार और पर्यटन गतिविधियों को प्रभावित किया है । अब लोगों को मौसम में सुधार और बारिश थमने का इंतजार है

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment