रातभर चली पुलिस की कांबिंग गश्त, वर्षों से फरार 11 वारंटी गिरफ्तार
कोतवाली अनूपपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अलग-अलग टीमों ने घेराबंदी कर पकड़े वारंटी
अनूपपुर। अपराध नियंत्रण एवं लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की धरपकड़ के लिए अनूपपुर जिले में शनिवार रात चलाए गए विशेष कांबिंग गश्त अभियान के दौरान कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर 11 वारंटियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों को संबंधित न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक अनूपपुर विक्रांत मुराब एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम के निर्देश पर शनिवार 22 अगस्त 2026 की रात जिले के सभी थाना क्षेत्रों में कांबिंग गश्त कराई गई। इस दौरान विशेष रूप से लंबे समय से फरार चल रहे गिरफ्तारी एवं स्थाई वारंटियों की तलाश कर उन्हें गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए थे।
अलग-अलग टीमों ने की घेराबंदी
अनुविभागीय पुलिस अधिकारी अनूपपुर नवीन तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी कोतवाली संजय कुमार एक्का के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने रातभर संदिग्ध स्थानों पर दबिश और वारंटियों की तलाश की। पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर विभिन्न प्रकरणों में न्यायालय से जारी वारंटों के आधार पर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में सोनमौहरी निवासी बिहारी लाल गुप्ता शामिल है, जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम से संबंधित प्रकरण में स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी था। इसी तरह बरबसपुर निवासी चंद्रिका रौतेल को मारपीट एवं अन्य धाराओं से जुड़े प्रकरण में स्थाई वारंट के आधार पर पकड़ा गया।
ग्राम ताराडाड़ निवासी राधेलाल यादव को भी न्यायालय से जारी स्थाई गिरफ्तारी वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज था।
गिरफ्तारी वारंट वाले आरोपी भी पकड़े गए
पुलिस ने सामतपुर वार्ड क्रमांक 1 निवासी शिवदास राठौर, पटौराटोला वार्ड क्रमांक 2 निवासी राज वंशकार और राहुल वंशकार को अलग-अलग प्रकरणों में जारी गिरफ्तारी वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया।
इसी क्रम में बस्ती रोड अनूपपुर निवासी संतोष कुमार पटेल को धारा 188 से संबंधित प्रकरण में गिरफ्तार किया गया। ग्राम औढेरा निवासी नीरज उर्फ बिन्दा यादव को संबंधित प्रकरण में जारी वारंट के आधार पर पकड़ा गया।
ग्राम बरबसपुर निवासी विक्रम सिंह को चोरी एवं चोरी की संपत्ति से संबंधित प्रकरण में गिरफ्तार किया गया। इसी गांव के आशीष उर्फ सोनू केवट को भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 से संबंधित प्रकरण में जारी वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया गया।
वहीं बस्ती रोड अनूपपुर निवासी संतोष कुमार पटेल को धारा 188 से संबंधित एक अन्य न्यायालयीन प्रकरण में जारी गिरफ्तारी वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया गया।
न्यायालय में पेश किए जा रहे आरोपी
कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई में कुल 11 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें तीन स्थाई गिरफ्तारी वारंटी तथा आठ गिरफ्तारी वारंटी शामिल बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार सभी गिरफ्तार आरोपियों को संबंधित न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार कांबिंग गश्त का उद्देश्य लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों एवं वारंटियों की धरपकड़ कर लंबित न्यायालयीन प्रकरणों में कार्रवाई सुनिश्चित करना है। रात में की गई इस कार्रवाई से फरार वारंटियों में हड़कंप की स्थिति रही।
कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली संजय कुमार एक्का के नेतृत्व में पुलिस टीम के प्रधान आरक्षक शिवशंकर प्रजापति, शेख रशीद तथा आरक्षक संजय सिंह, अब्दुल कलीम, गौरव सिंह और सूजल पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




























































