पुष्पराजगढ़ में होगा जगद्गुरु माऊली सरकार अंतर्राज्यीय फुटबॉल चैंपियन ट्रॉफी-2026
अनूपपुर। युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने एवं ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मंच प्रदान करने के उद्देश्य से त्योदिये पाद पंकजम् नमामि देवी नर्मदे ग्राम जोड़ो अभियान के तहत पुष्पराजगढ़ में जगद्गुरु माऊली सरकार अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियन ट्रॉफी वर्ष-2026 का आयोजन समिति के संरक्षक भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
आयोजक नर्मदांचल वीर शिवाजी युवा संगठन, पुष्पराजगढ़ जिला अनूपपुर द्वारा आयोजित इस फुटबॉल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रतियोगिता के प्रथम विजेता को 51 हजार रुपये तथा द्वितीय विजेता को 25 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा अंडर-17 वर्ग में प्रथम विजेता को 21 हजार तथा द्वितीय पुरस्कार 11 हजार रुपये, जबकि बालिका वर्ग में प्रथम पुरस्कार 11 हजार एवं द्वितीय पुरस्कार 5100 रुपये रखा गया है।
आयोजकों के अनुसार क्वालीफाई मैच के बाद चयनित चारों सेमीफाइनल टीमों को भी 11-11 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
प्रतियोगिता के लिए पंजीयन 1 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक किया जा रहा है। आयोजन समिति ने जिले के फुटबॉल खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है।

































































