पशु तस्करी पर कोतमा पुलिस का शिकंजा, 3 पिकअप से 21 मवेशी बरामद
40.50 लाख रुपये का माल-मशरूका जब्त, नाकाबंदी देखकर वाहन छोड़कर फरार हुए चालक
कोतमा। पशु तस्करी एवं अवैध पशु परिवहन के खिलाफ कोतमा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन पिकअप वाहनों से 21 मवेशियों को बरामद किया है। पुलिस ने तीनों वाहनों सहित कुल 40.50 लाख रुपये का माल-मशरूका जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक पुलिस की नाकाबंदी देखकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार 10 सितंबर को थाना प्रभारी कोतमा रत्नांबर शुक्ल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन पिकअप वाहनों में मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर एवं क्रूरतापूर्वक बांधकर छत्तीसगढ़ से केवाई रपटा मार्ग होते हुए कोतमा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने केवाई रपटा पुलिया के पास नाकाबंदी की।
कुछ समय बाद तीन पिकअप वाहन तेज गति से आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का संकेत दिए जाने पर चालकों ने वाहन कुछ दूरी पर खड़े किए और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस ने वाहनों की तलाशी ली तो प्रत्येक पिकअप में सात-सात मवेशी मिले। इनमें 13 भैंस (पड़ा) और 8 भैंसी शामिल हैं। मवेशियों को रस्सियों से बांधकर बेहद क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर भरा गया था तथा चारा-पानी की भी कोई व्यवस्था नहीं थी।
पुलिस ने MP65ZG2280, MP65Z4094 और एक बिना नंबर की पिकअप सहित 21 मवेशियों को जब्त किया। जब्त तीन पिकअप वाहनों की अनुमानित कीमत 30 लाख रुपये और मवेशियों की कीमत 10.50 लाख रुपये आंकी गई है।
मामले में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं मध्य प्रदेश कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर फरार वाहन चालकों एवं पशु तस्करों की तलाश की जा रही है।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतमा रत्नांबर शुक्ल, लालजी श्रीवास्तव, संजीव त्रिपाठी, ऋषि पासी एवं अनिल मरावी की सराहनीय भूमिका रही।


































































