प्रस्तावित शासकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में कैट का वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

---Advertisement---

 

जिलाध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार बोले – मेडिकल कॉलेज से बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर, विकास के साथ हरियाली भी जरूरी

मनेन्द्रगढ़। परसगढ़ी में प्रस्तावित शासकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) जिला इकाई द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कैट के जिलाध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार ने किया। इस दौरान कैट के पदाधिकारियों और सदस्यों ने परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की सुरक्षा का माध्यम नहीं हैं बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व का आधार भी हैं। वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाये और उनकी देखभाल भी सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना पर्याप्त नहीं है बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।।उन्होंने कहा कि परसगढ़ी में प्रस्तावित शासकीय मेडिकल कॉलेज मनेन्द्रगढ़ सहित पूरे एमसीबी जिले के लिये एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। मेडिकल कॉलेज के प्रारंभ होने से क्षेत्रवासियों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। गंभीर बीमारियों के उपचार के लिये लोगों को बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा साथ ही स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा जिससे क्षेत्र में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

रघुनाथ पोद्दार ने कहा कि किसी भी बड़े विकास कार्य के साथ पर्यावरण संरक्षण को समान महत्व दिया जाना चाहिये। मेडिकल कॉलेज परिसर को हराभरा और स्वच्छ बनाये रखने के उद्देश्य से यह वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि परिसर में बड़ी संख्या में वृक्ष होंगे तो मरीजों, चिकित्सकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों को स्वच्छ एवं शुद्ध वातावरण मिलेगा जिससे स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, युवाओं और आम नागरिकों से वर्षा ऋतु के दौरान अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण देना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर जिला संघ चालक नीरज अग्रवाल, रंजीत चोपड़ा, प्रह्लाद अग्रवाल, राजकुमार पाण्डेय एवं वीरेन्द्र श्रीवास्तव सहित कैट के पदाधिकारी, व्यापारी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment