पूर्वी दल ने फुटबॉल में मचाया धमाल, 14 खिलाड़ियों का शालेय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन
अनूपपुर
जनजातीय कार्य विभाग अनूपपुर के खिलाड़ियों ने फुटबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। गत दिनों सरदारपुर, जिला धार में आयोजित क्षेत्र स्तरीय फुटबॉल जूनियर वर्ग की विभागीय प्रतियोगिता में अनूपपुर के पूर्वी दल ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने सभी मुकाबलों में जीत दर्ज कर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में टीम के खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान शानदार तालमेल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। टीम की लगातार जीत के बाद पूर्वी दल के 14 खिलाड़ियों का चयन शालेय राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता, शाजापुर के लिए किया गया है। खिलाड़ियों के राज्य स्तर पर चयन से जिले के खेल प्रेमियों और खेल जगत में उत्साह का माहौल है।
*सहायक आयुक्त के निर्देशन में खिलाड़ियों को मिला प्रोत्साहन*
खिलाड़ियों के चयन और टीम की तैयारियों को लेकर जनजातीय कार्य विभाग की सहायक आयुक्त सुश्री सरिता नायक के आदेशानुसार आवश्यक व्यवस्थाएं एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। वहीं क्षेत्र संयोजक श्री संतोष बाजपेई के निर्देशन में जिला स्तर पर खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया।
जिला क्रीड़ा प्रभारी उपेंद्र कुमार मिश्रा के साथ जिले के वरिष्ठ पीटीआई एवं खेल प्रशिक्षकों ने भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विभाग की ओर से खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन दिया गया।
वरिष्ठ खेल शिक्षकों ने किया खिलाड़ियों का स्वागत
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों के जिले में पहुंचने पर उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ पीटीआई सलीम सिद्दीकी, मनोज सोनी, विवेक यादव, किशोर साकेत, अजय कुमार शर्मा एवं साक्षी पाठक सहित अन्य खेल शिक्षक एवं विभागीय प्रतिनिधि मौजूद रहे।
वहीं दल के प्रबंधक शिवकुमार मार्को एवं कोच प्रीतम उइके सहित चयनित खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी गईं। खेल शिक्षकों ने खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी इसी तरह मेहनत, अनुशासन और टीम भावना के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया।
शाजापुर में दिखेगा अनूपपुर के खिलाड़ियों का दम
क्षेत्र स्तरीय प्रतियोगिता में सभी मैच जीतकर विजेता बनने के बाद अब अनूपपुर के 14 खिलाड़ी शाजापुर में आयोजित शालेय राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों के चयन को जिले में फुटबॉल खेल के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
खेल प्रशिक्षकों और विभागीय अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि चयनित खिलाड़ी राज्य स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए अनूपपुर का नाम गौरवान्वित करेंगे। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के अन्य विद्यार्थियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने की प्रेरणा मिलेगी।







































































