फुटबॉल के मैदान से युवाओं को मिला नशामुक्ति का संदेश, पुलिस ने हजारों लोगों को दिलाया संकल्प

---Advertisement---

MLA कप फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में सिटी कोतवाली पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

मनेन्द्रगढ़। खेल का मैदान केवल प्रतिस्पर्धा और मनोरंजन का मंच नहीं बल्कि समाज को सकारात्मक संदेश देने का भी सशक्त माध्यम बन सकता है। इसी उद्देश्य को लेकर मनेन्द्रगढ़ सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा MLA कप फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह के अवसर पर विशेष नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान चलाया गया। रेलवे ग्राउंड, रेलवे कॉलोनी मनेन्द्रगढ़ में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों दर्शकों, खिलाड़ियों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ और नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।

पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज सरगुजा दीपक कुमार झा (आईपीएस) और पुलिस अधीक्षक जिला एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह (आईपीएस) के निर्देशन में जिले में नशे के विरुद्ध लगातार अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार पर कार्यवाही के साथ-साथ आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं को जागरूक करने के लिये सामाजिक कार्यक्रमों में सहभागिता की जा रही है। फाइनल मुकाबले और पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान पुलिस टीम ने उपस्थित लोगों को बताया कि नशे की आदत व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन को प्रभावित करती है। युवाओं को नशे से दूर रखकर खेल, शिक्षा और रचनात्मक कार्यों से जोड़ना समाज को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने मंच से युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा वर्ग अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाकर समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं इसलिए युवाओं को खेल गतिविधियों से जुड़ना चाहिये। विशिष्ट अतिथि संजय शर्मा, कमांडेंट 18वीं बटालियन मनेन्द्रगढ़ ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा परिवार और समाज के विकास में बाधा बनता है इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को नशा मुक्त समाज बनाने में अपनी भूमिका निभानी चाहिये।

इस अवसर पर सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है बल्कि समाज को सुरक्षित और जागरूक बनाना भी पुलिस का दायित्व है। युवाओं को सही मार्गदर्शन देकर उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना आवश्यक है।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति से जुड़े संदेशों वाले पोस्टर और सामग्री के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया गया। खिलाड़ियों और उपस्थित नागरिकों ने नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके लिये प्रेरित करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ निरीक्षक विवेक पाटले, प्रशिक्षु उप निरीक्षक मनीष साहू, थाना स्टाफ, मीडिया प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, आयोजन समिति के सदस्य, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी नागरिक मौजूद रहे।।एमसीबी जिला पुलिस ने कहा है कि नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का लक्ष्य युवाओं को सुरक्षित, स्वस्थ और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना है ताकि समाज को नशामुक्त और मजबूत बनाया जा सके।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment