विश्व पर्यावरण दिवस पर “एक पेड़, एक उम्मीद-एक बेहतर भविष्य” अभियान के तहत हुआ आयोजन
एमसीबी/मनेन्द्रगढ़। विश्व पर्यावरण दिवस पर मनेन्द्रगढ़ वनमण्डल के आमाखेरवा स्थित गोंडवाना मरीन फॉसिल पार्क में प्रकृति संरक्षण का संदेश गूंजा। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा आयोजित वृक्षारोपण और जागरूकता कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वन विभाग, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने पर्यावरण बचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ अध्यक्ष प्रतिमा यादव और वनमंडलाधिकारी चन्द्र कुमार अग्रवाल द्वारा पौधा लगाकर की गई। “एक पेड़, एक उम्मीद-एक बेहतर भविष्य” और “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत विभिन्न छायादार, औषधीय और पर्यावरण उपयोगी पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर प्रतिमा यादव ने कहा कि पेड़ केवल प्रकृति की सुंदरता नहीं बढ़ाते बल्कि जीवन के आधार हैं। पर्यावरण संरक्षण के लिये हर नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी। वनमंडलाधिकारी चन्द्र कुमार अग्रवाल ने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाये गये पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें सुरक्षित रखा जाये
कार्यक्रम में पीएम श्री विद्यालय के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों को जैव विविधता, जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के महत्व से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने का संकल्प लिया।
गोंडवाना मरीन फॉसिल पार्क जैसे प्राकृतिक धरोहर स्थल पर आयोजित यह कार्यक्रम लोगों को प्रकृति से जुड़ने और हरियाली बढ़ाने का संदेश देता नजर आया। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल भविष्य के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।





































