पांच वर्षों से फरार स्थायी वारंटी गिरफ्तार, करनपठार पुलिस को मिली बड़ी सफलता
सरई चौकी पुलिस ने लंबे समय से फरार आरोपी को पकड़कर न्यायालय में किया पेश
अनूपपुर। जिले में फरार आरोपियों एवं वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी सरई एवं थाना करनपठार पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने करीब पांच से छह वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी विजय सिंह पिता बडकुर सिंह निवासी सालरगोंदी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार विजय सिंह के विरुद्ध स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी था। वारंटी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था और पुलिस को देखकर भाग जाता था। लगातार प्रयासों और मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस टीम ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और आखिरकार उसे गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
यह कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार बरकरे के निर्देशन में की गई। अभियान में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मंगला प्रसाद दुबे, रामप्रसाद सिंह मरावी, नीरज गुप्ता, साहब सौर तथा शशि गोंड ने सक्रिय भूमिका निभाई।
गिरफ्तार वारंटी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेजते हुए जेएमएफसी न्यायालय राजेन्द्रग्राम के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि कानून से बचने वाले आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा सके।






































