नशे से दूर रहकर स्वस्थ समाज के निर्माण का लिया संकल्प

---Advertisement---

नशे से दूर रहकर स्वस्थ समाज के निर्माण का लिया संकल्प

सीएमपीडीआई में ‘नशा-मुक्त भारत अभियान’ के तहत कर्मियों ने ली शपथ

रांची, 18 अगस्त। नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट लिमिटेड (सीएमपीडीआई) में मंगलवार को ‘नशा-मुक्त भारत अभियान’ के तहत शपथ-ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम सीएमपीडीआई के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक चौधरी शिवराज सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

समारोह में संस्थान के निदेशक (तकनीकी/सीआरडी) नृपेन्द्र नाथ ने सीएमपीडीआई मुख्यालय, रांची एवं क्षेत्रीय संस्थान-3, रांची के अधिकारियों और कर्मचारियों को नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान देने की शपथ दिलायी। इस दौरान कर्मियों ने नशे के सेवन से स्वयं को दूर रखने के साथ-साथ समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक (तकनीकी/पीएंडडी) अजय कुमार, निदेशक (तकनीकी/ईएस) राजीव कुमार सिन्हा सहित महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। ऐसे में नशे से दूरी और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

क्षेत्रीय संस्थानों में भी आयोजित हुए कार्यक्रम

‘नशा-मुक्त भारत अभियान’ को व्यापक रूप देने के उद्देश्य से सीएमपीडीआई के विभिन्न क्षेत्रीय संस्थानों में भी शपथ-ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। क्षेत्रीय संस्थान-4, नागपुर, क्षेत्रीय संस्थान-5, बिलासपुर तथा क्षेत्रीय संस्थान-6, सिंगरौली में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अभियान के तहत शपथ लेकर नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।

स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश

शपथ-ग्रहण के दौरान सीएमपीडीआई परिवार ने नशे के सभी प्रकार से दूरी बनाए रखने, स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए व्यक्तिगत संकल्प के साथ सामूहिक जागरूकता भी आवश्यक है।

सीएमपीडीआई के इस अभियान में मुख्यालय के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रीय संस्थानों की भागीदारी ने नशामुक्त एवं स्वस्थ भारत के निर्माण के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

August 18, 2026

August 18, 2026

August 18, 2026

August 18, 2026

August 18, 2026

August 18, 2026

Leave a Comment