नाकेबंदी में पकड़े गये दो युवक, बैग में छिपाकर ला रहे थे अंग्रेजी शराब
सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ और साइबर सेल की संयुक्त कार्यवाही
मनेन्द्रगढ़। मध्यप्रदेश से अंग्रेजी शराब खरीदकर मनेन्द्रगढ़ में खपाने की तैयारी कर रहे दो युवकों को सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने नाकेबंदी के दौरान गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 48 बोतल मैकडॉवेल नंबर-1 शराब कुल 8.640 लीटर और परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की गई है
पुलिस के मुताबिक 24 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश के रामनगर डोला स्थित शराब दुकान से दो युवक मोटरसाइकिल में शराब लेकर मनेन्द्रगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मनेन्द्रगढ़ हाईवे रोड स्थित फॉरेस्ट डिपो के सामने नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान हीरो एचएफ डीलक्स क्रमांक CG 16 CV 2898 पर सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। मोटरसाइकिल की बीच वाली सीट पर रखे काले रंग के बैग से मैकडॉवेल नंबर-1 की 48 प्लास्टिक बोतलें बरामद हुईं। प्रत्येक बोतल में 180 एमएल शराब थी। जब्त शराब की कुल कीमत 9,600 रुपये और मोटरसाइकिल की अनुमानित कीमत 70 हजार रुपये बताई गई है
पुलिस ने दोनों आरोपियों भीमसेन सेन (21) और विनय सोनवानी (18) वर्ष निवासी कटकोना बैहाटोला थाना बिजुरी जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्यवाही की। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है
यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह (आईपीएस) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने की है



































































