अनूपपुर 19 नवम्बर 2026/ मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत 20 नवम्बर को जनपद पंचायत जैतहरी अंतर्गत ग्राम पंचायत भवन गौरेला में शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों का निराकरण करेंगे। इस दौरान सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर निराकरण की कार्यवाही की जाएगी।
अभियान के तहत क्षेत्र के शासकीय कार्यालयों, स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया जाएगा तथा कमियों में सुधार के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
कलेक्टर श्री रत्नाकर झा के निर्देशानुसार शिविर के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जैतहरी श्री कमलेश पुरी को नोडल अधिकारी तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत जैतहरी श्री के.के. रैकवार को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला प्रशासन ने क्षेत्र के नागरिकों से शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है।













































