करनपठार पुलिस ने नाबालिग अपहृता को किया दस्तयाब, परिजनों को मिली राहत
साइबर सेल और तकनीकी जांच की मदद से खोजी गई बालिका, लगातार प्रयासों के बाद मिली सफलता
अनूपपुर। थाना करनपठार अंतर्गत चौकी सरई पुलिस ने नाबालिग अपहृता को दस्तयाब कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस की सतत पतारसी और तकनीकी जांच के चलते बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया गया, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली है।
पुलिस के अनुसार 25 अप्रैल 2026 को नाबालिग बालिका बिना बताए घर से कहीं चली गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद 26 मई को बालिका के पिता ने थाना करनपठार में शिकायत दर्ज कराई। रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की तथा साइबर सेल और अन्य तकनीकी माध्यमों से लगातार तलाश की गई।
जांच के दौरान 28 मई को सूचना मिली कि नाबालिग बालिका अपने भाई पुष्पेन्द्र सिंह के पास सुंदरदादर, जिला उमरिया पहुंची है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और त्वरित कार्रवाई करते हुए बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया।
यह कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार बरकरे के नेतृत्व में की गई। अभियान में मंगाल दुबे, रामप्रसाद सिंह मरावी एवं राखी मरापे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।




































