कोलकाता की श्रद्धालु श्रीमती माया चांदवासिया ने मां नर्मदा को अर्पित की 51 मीटर चुनरी

---Advertisement---

कोलकाता की श्रद्धालु श्रीमती माया चांदवासिया ने मां नर्मदा को अर्पित की 51 मीटर चुनरी

ग्यारह रुद्र महादेव में किया जलाभिषेक, श्रद्धा-भक्ति से गुंजायमान हुई अमरकंटक की पावन धरा

दैनिक समय निप्र – श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र , आध्यात्मिक नगरी अमरकंटक में रविवार 23/08/26 को श्रद्धा , भक्ति और सनातन परंपरा का अनुपम दृश्य देखने को मिला । पश्चिम बंगाल के कोलकाता निवासी श्रद्धालु परिवार की सदस्य एवं अमरकंटक की बेटी श्रीमती माया चांदवासिया ने अपने परिवारजनों के साथ मां नर्मदा के चरणों में 51 मीटर लंबी चुनरी अर्पित कर विशेष पूजन-अर्चन किया । इस अवसर पर पूरा वातावरण “जय मां नर्मदे” , हर हर महादेव के जयघोष और वैदिक मंत्रोच्चार से भक्तिमय हो उठा ।

श्रीमती माया चांदवासिया अपने भाइयों , परिजनों एवं श्रद्धालुओं के साथ शांति कुटी आश्रम से चुनरी लेकर पैदल यात्रा करते हुए नर्मदा उद्गम मंदिर पहुंचीं । श्रद्धालुओं का यह भक्ति-यात्रा दल भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ मां नर्मदा के दरबार में पहुंचा , जहां विधि-विधान से पूजन कर 51 मीटर चुनरी अर्पित की गई । इस दौरान उन्होंने परिवार , समाज और देश की सुख-समृद्धि , खुशहाली एवं कल्याण की कामना की ।
नर्मदा उद्गम मंदिर परिसर में संपन्न हुए इस विशेष धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की भारी आस्था देखने को मिली । चुनरी अर्पण के समय उपस्थित परिजनों , भक्तों एवं श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा के जयघोष के साथ आयोजन को और अधिक भव्य एवं भावपूर्ण बना दिया ।
माया के भाई ओम प्रकाश अग्रवाल का मानना है कि मां नर्मदा के चरणों में श्रद्धा से अर्पित की गई चुनरी जीवन में सुख , शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करती है ।

चुनरी अर्पण के पश्चात श्रीमती माया चांदवासिया एवं उनके परिवारजन नर्मदा मंदिर समूह के अंतर्गत स्थित ग्यारह रुद्र महादेव मंदिर पहुंचे , जहां भगवान भोलेनाथ का विधिवत रुद्राभिषेक एवं जलाभिषेक किया गया । श्रावण मास के पावन अवसर पर संपन्न इस धार्मिक अनुष्ठान में शिवभक्ति का विशेष उत्साह दिखाई दिया । भक्तों ने भगवान शिव से परिवार , समाज , राष्ट्र और समस्त मानवता के कल्याण की प्रार्थना की ।
इस पुण्य अवसर पर उनके ज्येष्ठ भ्राता गया प्रसाद अग्रवाल , कनिष्ठ भ्राता ओम प्रकाश अग्रवाल (बबलू) एवं छोटा भाई विनोद अग्रवाल (कल्लू) सहित भतीजे नितिन अग्रवाल , परिवारजन , पड़ोसी , इष्ट-मित्र एवं शुभचिंतक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे । सभी श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा एवं भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर आध्यात्मिक आशीर्वाद प्राप्त किया ।

शांति कुटी आश्रम के श्रीमहंत स्वामी रामभूषण दास जी महाराज ने कहा कि अमरकंटक में दूर-दराज़ राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं द्वारा किए जाने वाले ऐसे धार्मिक अनुष्ठान न केवल आस्था को सुदृढ़ करते हैं , बल्कि मां नर्मदा की महिमा और अमरकंटक की आध्यात्मिक पहचान को भी देशभर में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं ।
उन्होंने कहा कि मां नर्मदा के प्रति श्रद्धालुओं की यह अटूट आस्था सनातन संस्कृति की जीवंत परंपरा का प्रतीक है ।

अमरकंटक पहुंचकर मां नर्मदा को 51 मीटर चुनरी अर्पित करने और ग्यारह रुद्र महादेव में जलाभिषेक करने का यह आयोजन श्रद्धा , विश्वास और भक्ति का अद्भुत उदाहरण बन गया । श्रद्धालुओं ने विश्व शांति , सद्भाव , समृद्धि तथा मानव कल्याण की कामना करते हुए अपने आध्यात्मिक सफर को पूर्ण किया ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment