जनसमस्याओं को लेकर शिवसेना का कलेक्टर कार्यालय पर हल्लाबोल
SECL की जमीन पर कथित कब्जे से लेकर जर्जर सड़कों, जलभराव, ओवरलोड राखड़ डंपरों और अवैध शराब तक 8 मुद्दे उठाए
अनूपपुर। जिले की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर शिवसेना ने प्रशासन के समक्ष मोर्चा खोलते हुए कलेक्टर रत्नाकर झा को 8 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। शहडोल संभाग अध्यक्ष पवन पटेल के निर्देश पर जिला अध्यक्ष राजेश महाराणा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में जनहित से जुड़े गंभीर मुद्दों की तत्काल जांच कर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई।
शिवसेना ने ज्ञापन में SECL की जमीन पर कथित अवैध कब्जे, पयारी-केवई-गोविंदा-कोतमा मार्ग की जर्जर हालत, वार्ड क्रमांक 9 में जलभराव, जमुना-परासी मार्ग की बदहाली, बिजुरी के वार्ड क्रमांक 14 एवं 15 में नाली का गंदा पानी घरों में घुसने तथा जैतहरी पावर प्लांट से निकलने वाले ओवरलोड राखड़ डंपरों के संचालन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
इसके अलावा JMS, नीलकंठ एवं अदानी कंपनियों से जुड़े स्थानीय रोजगार और परिवहन के मुद्दे भी ज्ञापन में शामिल रहे। शिवसेना ने स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने, बाहरी श्रमिकों की नियुक्ति की जांच करने तथा बिना नंबर के संचालित वाहनों पर कार्रवाई की मांग की। वहीं भालूमाड़ा, कोतमा और बिजुरी क्षेत्र में कथित अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग भी की गई।
आठ प्रमुख मांगें
ज्ञापन में नारायण सिंह द्वारा SECL की शासकीय भूमि पर कथित अवैध निर्माण की जांच और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच, जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत, जलभराव की स्थायी निकासी व्यवस्था, ओवरलोड राखड़ वाहनों पर कार्रवाई तथा कंपनियों में स्थानीय लोगों को रोजगार दिलाने जैसी मांगें रखी गईं।
शिवसेना ने प्रशासन से सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि सड़क, जलभराव, रोजगार, परिवहन और अवैध शराब जैसी समस्याओं का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है, इसलिए प्रशासन को इन मामलों में प्रभावी हस्तक्षेप करना चाहिए।
पवन पटेल ने कहा कि अनूपपुर जिले से लगातार जनता की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। उन्होंने कहा कि SECL की जमीन पर कब्जे, परासी-जमुना मार्ग की बदहाली, बिजुरी में नाली के पानी और अवैध शराब बिक्री सहित अन्य मुद्दों की जानकारी लेकर जिला इकाई को कलेक्टर के समक्ष ज्ञापन सौंपने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर शिवसेना चुप नहीं बैठेगी और जरूरत पड़ने पर आगे भी आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपते समय शहडोल जिला अध्यक्ष शिव चक्रवर्ती, भीम महरा, समीर कोल, नरेंद्र सिंह, प्रकाश महरा, लखन केवट, किशन सहिस, विवेक गुप्ता सहित शिवसेना के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

































































