- जिले के समस्त स्टॉप, चेकडैम एवं अन्य जलाशयों के जल का संरक्षण करें सुनिश्चित- कलेक्टर
- तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार अपने-अपने क्षेत्र की शासकीय संस्थाओं करें निरीक्षण-कलेक्टर
- समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
अनूपपुर 18 नवंबर 2026- कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने कहा कि जिले के सभी स्टॉपडैम, चेकडैम, नदियों, तालाबों एवं अन्य जलाशयों में उपलब्ध जल का संरक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी नदियों में बोरी बंधान कराकर जल को रोका जाए, जिससे जल का संरक्षण हो सके और इसका उपयोग सिंचाई एवं ग्रीष्म ऋतु में पेयजल की आवश्यकता की पूर्ति के लिए किया जा सके। कलेक्टर ने जिले के समस्त मुख्य नगर पालिका अधिकारियों एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायतों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के जलाशयों की सूची तैयार करें तथा उनमें जल संरक्षण के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। कलेक्टर श्री रत्नाकर झा मंगलवार को आयोजित समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले की 277 ग्राम पंचायतों एवं 10 नगरीय निकायों के जल स्रोतों की जानकारी तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि स्थायी जल संरचनाओं की जानकारी नगरीय क्षेत्रों के लिए डूडा कार्यालय तथा ग्रामीण क्षेत्रों के तालाबों की जानकारी जिला पंचायत कार्यालय को प्रेषित की जाए। उन्होंने जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को जल संरक्षण की दिशा में प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने जिले के सभी तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्रों की शासकीय संस्थाओं की जानकारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार जब भी अपने क्षेत्र के भ्रमण पर जाएं, तो शासकीय संस्थाओं का अनिवार्य रूप से निरीक्षण करें तथा वहां आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी लें। उन्होंने कहा कि योजनाओं की प्रगति के साथ-साथ आमजन को मिल रही सुविधाओं एवं शासकीय संस्थाओं में उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी भी जिला प्रशासन के पास होनी चाहिए।
कलेक्टर ने जिले में मुख्यमंत्री की समस्त घोषणाओं से संबंधित जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की तथा संबंधित फाइलें कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने घोषणाओं के क्रियान्वयन की अद्यतन स्थिति एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। कलेक्टर ने जिले के सभी शासकीय विद्यालयों, आंगनबाड़ी परिसरों एवं बंद खनिज खदानों में पौधरोपण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित स्थलों पर जल्द से जल्द पौधरोपण कार्य पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पौधरोपण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर ने जन आकांक्षा पोर्टल, सीएम हेल्पलाइन, समाधान ऑनलाइन एवं मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों सहित अन्य विभिन्न समस्यामूलक शिकायतों का गुणवत्ता एवं गंभीरता के साथ निराकरण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का निराकरण पूरी गंभीरता से किया जाए तथा संबंधित शिकायतकर्ताओं से चर्चा कर उनकी समस्याओं का संतुष्टिपूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, अपर कलेक्टर श्री बलवीर रमन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट्ट, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर सुश्री प्राशी अग्रवाल,अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जैतहरी श्री कमलेश पुरी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोतमा श्री टी.आर. नाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।













































