जिनके श्रम से स्वच्छ रहता है चिरमिरी, उन्हीं सफाई मित्रों का हुआ सम्मान
सेवा संकल्प अभियान के तहत निगम परिसर में सफाई मित्र सम्मान शिविर का आयोजन
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल हुए शामिल
एमसीबी/चिरमिरी। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाये रखने में दिन रात जुटे सफाई मित्रों के सम्मान का अवसर बुधवार को चिरमिरी नगर पालिक निगम परिसर में देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की जनसेवा पूर्ण होने के अवसर पर चलाये जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत निगम सभागार में सफाई मित्र सुरक्षा और सम्मान शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेन्द्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल शामिल हुए। शिविर में स्वास्थ्य मंत्री ने सफाई मित्रों से मुलाकात कर उनके कार्य और जिम्मेदारियों की जानकारी ली। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था में उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाये रखने में सफाई मित्रों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा का ध्यान रखना केवल प्रशासन की नहीं बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिला सम्मान
कार्यक्रम के दौरान बेहतर कार्य करने वाले स्वच्छता मित्रों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान सफाई मित्रों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से संबंधित गतिविधियों की जानकारी भी ली गई। उनकी आवश्यकताओं और सुविधाओं से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्वच्छता कर्मी प्रतिदिन शहर की साफ सफाई व्यवस्था को संभालते हैं और उनके परिश्रम का सीधा संबंध आम नागरिकों के स्वास्थ्य से है। इसलिये उनके सम्मान के साथ साथ उनके स्वास्थ्य और कार्यस्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, समर्पण और जनकल्याण के भाव से प्रेरणा लेकर समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान और कल्याण के लिये निरंतर काम किया जाना चाहिये। ‘सेवा संकल्प अभियान’ इसी भावना को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का माध्यम है
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, निगम के अधिकारी कर्मचारी, स्वच्छता मित्र और अन्य लोग उपस्थित रहे। शिविर में सम्मान पाकर सफाई मित्रों में भी उत्साह देखने को मिला।




































































