ग्राम पंचायत सकोला में कथित अनियमितताओं को लेकर कलेक्टर से शिकायत, जांच की मांग
संतोष चौरसिया की रिपोर्ट

जमुना कोतमा ग्राम पंचायत सकोला, जनपद पंचायत अनूपपुर में कथित वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर ग्राम पंचायत के पंच नरेंद्र कुमार साहू ने कलेक्टर अनूपपुर के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत कर निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता नरेंद्र कुमार साहू ने पंचायत के सचिव प्रभारी रमेश कुमार विश्वकर्मा एवं रोजगार सहायक के संबंध में विभिन्न पंचायत कार्यों और भुगतान प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 18 जनवरी 2024 से जुलाई 2024 के बीच पंचायत के विभिन्न कार्यों में आवश्यक दस्तावेजों के बिना बिल लगाए गए तथा कथित रूप से फर्जी बिलों के माध्यम से राशि का आहरण किया गया। शिकायत में महिला आदिवासी सरपंच के हस्ताक्षर के कथित दुरुपयोग का आरोप भी लगाया गया है।
इसके साथ ही शिकायतकर्ता ने एक ही समग्र आईडी में मां और बेटे दोनों को आवास स्वीकृत किए जाने तथा ग्राम पंचायत सकोला में आवास योजना से संबंधित राशि में कथित अनियमितता का मुद्दा भी उठाया है
कलेक्टर कार्यालय में दर्ज हुई शिकायत
दस्तावेज के अनुसार शिकायत 1 सितंबर 2026 को कलेक्टर कार्यालय में दर्ज कराई गई है। शिकायत की पावती में निराकरण की समय-सीमा 29 सितंबर 2026 अंकित है। मामले में संबंधित विभाग से जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की अपेक्षा की गई है
शिकायतकर्ता नरेंद्र कुमार साहू ने मांग की है कि पंचायत में हुए कार्यों, भुगतान और संबंधित दस्तावेजों का निष्पक्ष सत्यापन कराया जाए तथा जांच में यदि कोई अनियमितता अथवा वित्तीय गड़बड़ी सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
गौरतलब है कि शिकायत में लगाए गए आरोप फिलहाल शिकायतकर्ता के आरोप हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। संबंधित पंचायत पदाधिकारियों का पक्ष सामने आने के बाद मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

































































