- शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण होगा युवा रीडिंग हाल- अध्यक्ष,जिला पंचायत श्रीमती प्रीति रमेश सिंह
- ग्रामीण युवाओं के लिए नई पहल: विभिन्न ग्राम पंचायतों में बनाए गए युवा रीडिंग हॉल
- प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एवं स्वाध्ययन के लिए युवाओं को मिलेगा अनुकूल वातावरण
अनूपपुर, 27 अक्टूबर 2026/
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीति रमेश सिंह ने कहा है कि जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं को गांव में अध्ययन का बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए युवा रीडिंग हाल स्थापित करने का प्रयास सराहनीय है। ग्रामीण युवा इसका लाभ लेकर शैक्षणिक व प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने युवाओं से इसका लाभ प्राप्त कर अपनी तैयारी को सशक्त करने की अपील करते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खांडा के प्राचार्य श्री मुलायम सिंह परिहार, खंड पंचायत अधिकारी लखनलाल साकत, ग्रामीण जन, शिक्षक, सरपंच श्री कमल सिंह, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, विद्यार्थी, युवा उपस्थित थे।
ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को स्वाध्ययन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा अभिनव पहल की जा रही है। इसके तहत जिले के चारों जनपद पंचायत क्षेत्रों की 19 ग्राम पंचायतों में सुगम एवं सुविधाजनक स्थलों पर युवा रीडिंग हॉल (सुविधायुक्त सामुदायिक अध्ययन केंद्र हाॅल) प्रारंभिक तौर पर बनाए गए हैं।
कलेक्टर श्री रत्नाकर झा एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी के मार्गदर्शन में प्रारंभ किए जा रहे इन युवा रीडिंग हॉल का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को एकाग्रचित्त होकर अध्ययन करने के लिए शांत,सुविधाजनक एवं प्रेरणादायक वातावरण उपलब्ध कराना है।
युवा रीडिंग हॉल में मिलेंगी विभिन्न सुविधाएं
युवा रीडिंग हॉल में विद्यार्थियों के व्यक्तिगत स्वाध्ययन एवं सामूहिक अध्ययन के लिए समुचित बैठक व्यवस्था के साथ पुस्तकालय,पेयजल, कम्प्यूटर सिस्टम सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन सुविधाओं से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने ही गांव में अध्ययन का बेहतर अवसर प्राप्त होगा तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी सहायता मिलेगी।
संचालन के लिए गठित होंगे युवा स्टूडेंट क्लब
युवा रीडिंग हॉल के सुव्यवस्थित संचालन एवं व्यवस्थाओं के बेहतर प्रबंधन के लिए युवा स्टूडेंट क्लब का गठन भी किया जाएगा। इससे युवाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित होने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, सामूहिक उत्तरदायित्व एवं सहयोग की भावना विकसित होगी।
जिला प्रशासन की यह पहल ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने तथा शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इससे विशेष रूप से उन युवाओं को लाभ मिलेगा, जिन्हें अध्ययन के लिए उपयुक्त स्थान एवं संसाधनों के अभाव में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।







































































