सीएमडी बीसीसीएल ने किया कतरास क्षेत्र की खदानों का निरीक्षण

---Advertisement---

देश की ऊर्जा आवश्यकताओं तथा विद्युत क्षेत्र में कोयले की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) श्री मनोज कुमार अग्रवाल द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में खनन कार्यों, कोयला उत्पादन एवं प्रेषण की निरंतर समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में आज उन्होंने कतरास क्षेत्र की एकेडब्ल्यूएमसी परियोजना का दौरा कर खनन गतिविधियों, जल निकासी की स्थिति तथा उत्पादन बढ़ाने के लिए आवश्यक परिचालन उपायों की समीक्षा की।

एकेडब्ल्यूएमसी कोलियरी में श्री अग्रवाल ने विभागीय एवं किराए (हायर्ड) ओपनकास्ट पैच में चल रहे खनन कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने सबसे पहले विभागीय मशीनों की उपलब्धता और उपयोगिता की समीक्षा की तथा क्षेत्रीय महाप्रबंधक (कतरास), महाप्रबंधक (एक्सकेवेशन) और खदान अधिकारियों को मशीनों के अधिकतम क्षमता उपयोग को तत्काल सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। बारीकी से की गई समीक्षा में उन्होंने मशीनों की तैनाती से लेकर अतिक्रमणकारियों के स्थानांतरण और परियोजना विस्तार तक खदान के हर पहलू का निरीक्षण किया।

कांटापहाड़ी पैच और विभागीय पैच में लंबे समय से जमा भारी जलजमाव की समस्या पर चर्चा करते हुए सीएमडी ने शीघ्र जल निकासी (डिवॉटरिंग) के लिए महाप्रबंधक (ईएंडएम) एवं क्षेत्रीय अभियंताओं को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही, पैच को प्रभावित करने वाली जोरिया एवं नदी के तटबंधों को मजबूत करने और पानी के रिसाव को रोकने के लिए भी कार्ययोजना बनाने को कहा।

हायर्ड पैच में उन्होंने परियोजना प्रभावित परिवारों के चल रहे स्थानांतरण की समीक्षा की। उन्होंने क्षेत्रीय अधिकारियों को स्थानांतरित हो रहे परिवारों को हरसंभव लॉजिस्टिक सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही, ठेकेदार के प्रतिनिधि को शॉवेलों की संख्या तत्काल बढ़ाने और पर्याप्त संख्या में डंपर लगाने को कहा।

इसके बाद सीएमडी ने एएसजीकेसी कोलियरी के उस ओपनकास्ट पैच का भी दौरा किया, जिसका संचालन आरके माइनिंग द्वारा एमडीओ (माइन डेवलपर-कम-ऑपरेटर) के तहत राजस्व साझेदारी के आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने खदान संचालक को मशीनों की संख्या तत्काल बढ़ाने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने और समुचित अग्निशमन इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

सीएमडी श्री अग्रवाल के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में बीसीसीएल अपने परिचालन क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण कर बाधाओं को दूर करने, संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने और कोयला उत्पादन को गति देने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। निरीक्षण के अंत में सीएमडी ने सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए देश में कोयला उत्पादन एवं कोयला आपूर्ति बढ़ाने के लिए क्षेत्रीय टीम को सामूहिक रूप से कार्य करने हेतु प्रोत्साहित किया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment