गोवर्धन और गौवंश सनातन संस्कृति की आत्मा, गौमाता का संरक्षण एवं संवर्धन हम सभी का दायित्व- राज्य मंत्री श्री दिलीप जायसवाल

---Advertisement---
  • राज्य सरकार समाज के साथ मिलकर मना रही है त्यौहार- राज्य मंत्री श्री दिलीप जायसवाल
  • सरकार प्रत्येक क्षेत्र में प्रगति के नए पैमाने कर रही स्थापित- राज्य मंत्री
  • राज्य मंत्री श्री जायसवाल ने आज ग्राम निमहा में गोवर्धन पूजा एवं सामुदायिक गौशाला लोकार्पण कार्यक्रम किया संबोधित

अनूपपुर 09 नवंबर 2026- मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि गोवर्धन और गौवंश सनातन संस्कृति की आत्मा हैं। गोवर्धन पूजा हमारी सनातन संस्कृति की विशिष्ट पहचान है। सनातन धर्मावलंबी दीपावली पर्व पर गौधन का पूजन कर अपनी परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति आस्था व्यक्त करते हैं। वर्तमान समय में आवश्यकता है कि प्रत्येक व्यक्ति गौमाता की पूजा-अर्चना के साथ उनके पालन-पोषण एवं संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज की सहभागिता से प्रत्येक पर्व एवं त्योहार मना रही है, जो शासन की जनभागीदारी और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता का सराहनीय प्रयास है।‌ राज्य मंत्री श्री जायसवाल आज जनपद पंचायत अनूपपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत निमहा में आयोजित गोवर्धन पूजा समारोह एवं सामुदायिक गौशाला लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

राज्य मंत्री श्री जायसवाल ने प्रदेशवासियों को दीपोत्सव एवं गोवर्धन पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज संपूर्ण प्रदेश में गोवर्धन पूजा हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है। हर घर, हर गौशाला और हर गांव में उत्सव का वातावरण है। उन्होंने कहा कि हमारी प्रत्येक परंपरा और उत्सव में प्रकृति के प्रति सम्मान तथा समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना निहित है। गोवर्धन पूजा इसका श्रेष्ठ उदाहरण है। भारतीय संस्कृति हमें प्रकृति से प्राप्त प्रत्येक संसाधन एवं सहयोग के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देती है। गोवर्धन एवं गौवंश का पूजन कर हम प्रकृति, पर्यावरण संरक्षण तथा पशुधन संवर्धन का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा वास्तव में प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण का पर्व है, जो हमारी सनातन सांस्कृतिक परंपराओं की महत्ता को प्रदर्शित करता है।

राज्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के प्रत्येक क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, सड़क, विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र एवं अस्पतालों सहित विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करते हुए उन्हें और अधिक सुदृढ़ बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह हर्ष एवं सौभाग्य का विषय है कि ग्राम पंचायत निमहा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान चार गौशालाओं का लोकार्पण किया जा रहा है। इन गौशालाओं के संचालन से क्षेत्र में गौवंश के संरक्षण, संवर्धन एवं समुचित देखभाल को बढ़ावा मिलेगा।

राज्य मंत्री श्री जायसवाल ने गौशालाओं के नियमित संचालन, रखरखाव एवं व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने पर विशेष बल देते हुए कहा कि इनकी देखरेख की जिम्मेदारी संबंधित ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की होगी। सभी को समन्वित प्रयासों एवं सहभागिता के साथ गौशालाओं का बेहतर संचालन सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण, उत्थान एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस दिशा में निरंतर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।

  • राज्यमंत्री ने चार ग्राम पंचायतों में 38.05-38.05 लाख रुपये की लागत से निर्मित गौशालाओं का किया लोकार्पण

मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल ने मुख्यमंत्री गौसेवा योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत निमहा, भाद, सोहीबेलहा एवं छूल्हा में 38.05-38.05 लाख रुपये की लागत से निर्मित गौशालाओं का विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ लोकार्पण किया। चारों गौशालाओं की कुल लागत 1 करोड़ 52 लाख 20 हजार रुपये है। इनसे निराश्रित गौवंश के संरक्षण, संवर्धन एवं समुचित देखभाल की व्यवस्था सुदृढ़ होगी।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री रत्नाकर झा, पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोतमा श्री टी आर नाग, जिला पंचायत सदस्य सुश्री भारती केवट सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

November 9, 2026

November 9, 2026

November 9, 2026

November 9, 2026

November 9, 2026

November 9, 2026

Leave a Comment