दीपावली एवं काली पूजा के पावन अवसर भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) की मुनीडीह परियोजना में आज एक महत्वपूर्ण एवं बहुआयामी आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर एक ओर जहाँ आध्यात्मिक आस्था एवं सामाजिक सहभागिता का अनुपम संगम देखने को मिला, वहीं दूसरी ओर अत्याधुनिक खनन तकनीक के माध्यम से कंपनी की परिचालन क्षमता, सुरक्षा व्यवस्था एवं उत्पादन दक्षता को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण XV सीम लॉन्गवॉल प्रणाली का शुभारंभ रहा, जो मुनीडीह परियोजना में भूमिगत कोयला उत्पादन को अधिक सुरक्षित, आधुनिक, यंत्रीकृत एवं उत्पादक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इस अवसर पर बीसीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) श्री मनोज कुमार अग्रवाल, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) श्री राजेश कुमार, दीक्षा महिला मंडल अध्यक्ष श्रीमती अर्चना अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्रीमती नीता कुमार सहित मंडल की अन्य सम्मानित सदस्याएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में पश्चिमी झरिया क्षेत्र के महाप्रबंधक श्री वी. विजय कुमार, विभिन्न अन्य क्षेत्रों के महाप्रबंधकगण, कोयला भवन मुख्यालय के महाप्रबंधक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी-कर्मी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्री श्री वैष्णवी काली मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुआ। सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने परियोजना कर्मियों एवं स्थानीय समुदाय सदस्यों के साथ हवन, पूर्णाहुति एवं महाआरती में सहभागिता की। इस अवसर पर सीएमडी ने माँ काली से सभी के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं कल्याण की मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन समाज में सकारात्मकता, आपसी सद्भाव एवं सामूहिक एकजुटता को प्रोत्साहित करते हैं।

इसके अतिरिक्त, कर्मचारी कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुनीडीह परियोजना में आधुनिक शिशुगृह (क्रेच) का भी उद्घाटन किया गया। इस सुविधा से कार्यरत अभिभावकों को अपनी ड्यूटी के दौरान बच्चों की देखभाल को लेकर आवश्यक सुविधा एवं सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि बीसीसीएल सुरक्षित, आधुनिक एवं तकनीक आधारित खनन व्यवस्था विकसित करते हुए उत्पादन क्षमता एवं परिचालन दक्षता में निरंतर वृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है। भूमिगत खनन में उन्नत तकनीक एवं यंत्रीकरण को अपनाना समय की आवश्यकता है। XV सीम लॉन्गवॉल प्रणाली का शुभारंभ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिससे मुनीडीह परियोजना के खनन परिचालन को नई गति एवं मजबूती मिलेगी। उन्होंने परियोजना से जुड़े अधिकारियों, कर्मियों एवं तकनीकी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार खनन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया। उन्होंने श्री श्री वैष्णवी काली मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के सफल आयोजन पर शुभकामनाएँ देते हुए माँ काली से सभी के कल्याण एवं मंगलमय भविष्य की कामना की। साथ ही, शिशुगृह की स्थापना को कर्मचारी कल्याण की दिशा में एक सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि कर्मियों एवं उनके परिवारों की सुविधाओं और आवश्यकताओं का ध्यान रखना भी संस्थान की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुनीडीह परियोजना में आयोजित यह कार्यक्रम बीसीसीएल की तकनीकी प्रगति, सुरक्षित एवं आधुनिक खनन, कर्मचारी कल्याण तथा सामाजिक एवं सामुदायिक सहभागिता के प्रति प्रतिबद्धता का परिचायक रहा।




























