60 किलो महुआ लाहन और 30 लीटर कच्ची शराब जब्त

---Advertisement---

अनूपपुर। प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे राज्य स्तरीय एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में 60 किलो महुआ लाहन और 30 लीटर कच्ची शराब जब्त की है। कार्रवाई में तीन आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनूपपुर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी अनूपपुर के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए क्षेत्र में लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रखी है।

07 नवंबर 2026 को पहली कार्रवाई बड़काटोला बकेली क्षेत्र में की गई। यहां छोटेलाल केवट, निवासी बड़काटोला बकेली, के कब्जे से तीन प्लास्टिक के डिब्बों में रखा कुल 9 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 540 रुपये बताई गई है। मामले में अपराध क्रमांक 586/26 के तहत धारा 34(1)(एफ) आबकारी एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया।

इसी क्रम में सागर केवट, निवासी ग्राम बकेली, के कब्जे से दो प्लास्टिक के डिब्बों में रखा 30 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 3 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले में अपराध क्रमांक 587/26 के तहत धारा 34(1) आबकारी एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

वहीं तीसरी कार्रवाई ग्राम भोलगढ़ में की गई, जहां अनीता सिंह कंजर, निवासी ग्राम भोलगढ़, के कब्जे से 17 प्लास्टिक के डिब्बों में रखा 51 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत 3570 रुपये बताई गई है। पुलिस ने अपराध क्रमांक 589/26 के तहत धारा 34(1)(एफ) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज किया है।

इस प्रकार तीनों मामलों में पुलिस ने कुल 60 किलोग्राम महुआ लाहन और 30 लीटर कच्ची शराब जब्त की है। पुलिस की कार्रवाई से अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है।

पूरी कार्रवाई कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण कुमार साहू के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में त्रिलोक सिंह वालरे, शिवशंकर प्रजापति, शेख रसीद, अब्दुल कलीम और ज्योति धार्वे शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment