गांजा तस्करी पर जनकपुर पुलिस की बड़ी कार्यवाही

---Advertisement---

3.140 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार

एमसीबी/जनकपुर। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत जनकपुर पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किया है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा और पुलिस अधीक्षक एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह के निर्देश पर जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र नायक और एसडीओपी एलेक्स टोप्पो के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश देवांगन द्वारा क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई थी।

इसी दौरान 03 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि सिंगरौली बड़कापारा निवासी सतीश सिंह कंवर मध्यप्रदेश के जैतपुर क्षेत्र से अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर ग्राम शेरी होते हुए जनकपुर की ओर आने वाला है।

मुखबिर की सूचना और वरिष्ठ अधिकारियों के दिशानिर्देश पर पुलिस टीम ने ग्राम शेरी में घेराबंदी कर आरोपी सतीश सिंह कंवर पिता स्व. राम खिलावन उम्र 31 वर्ष निवासी सिंगरौली बड़कापारा थाना जनकपुर को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद झोले से तीन पैकेट में कुल 3.140 किलो गांजा बरामद हुआ जिसकी अनुमानित कीमत करीब 31 हजार 400 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी के पास से गांजा के साथ परिवहन में उपयोग की गई मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 16 सीएस 1894 और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्यवाही में थाना प्रभारी जनकपुर निरीक्षक कमलेश देवांगन, उपनिरीक्षक किशन चौहान, प्रधान आरक्षक संतोष सिंह, आरक्षक दीपक मिंज, सूर्यपाल सिंह और सहायक आरक्षक विष्णु यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment