एसईसीएल समर कैंप-2026 का भव्य समापन 21 दिनों में बच्चों ने सीखी फिटनेस, नेतृत्व, रचनात्मकता और आत्मविश्वास की नई उड़ान

---Advertisement---

एसईसीएल समर कैंप-2026 का भव्य समापन

21 दिनों में बच्चों ने सीखी फिटनेस, नेतृत्व, रचनात्मकता और आत्मविश्वास की नई उड़ान

रंगारंग प्रस्तुतियों से बच्चों ने जीता दिल, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधरोपण

बिलासपुर। बच्चों की मुस्कान, उत्साह और प्रतिभा से सराबोर माहौल के बीच साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय में आयोजित “एसईसीएल समर कैंप-2026” का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। डीएवी पब्लिक स्कूल, एसईसीएल वसंत विहार में आयोजित समापन समारोह में बच्चों ने योग, संगीत, नृत्य, खेलकूद, कला एवं शिल्प सहित विभिन्न गतिविधियों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह का दिल जीत लिया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन एवं श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन रहीं। कार्यक्रम में एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारी, विभागाध्यक्ष, एचआर-जेसीसी प्रतिनिधि, वेलफेयर कमेटी के सदस्य, श्रद्धा महिला मंडल की सदस्याएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने 21 दिनों में सीखी गई विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन किया। योग एवं फिटनेस प्रस्तुति में अनुशासन और एकाग्रता की झलक दिखाई दी, वहीं संगीत, नृत्य और कला संबंधी कार्यक्रमों में बच्चों की सृजनात्मक सोच और आत्मविश्वास खुलकर सामने आया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों पर अभिभावकों और अतिथियों ने जोरदार तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

अपने संबोधन में सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि समर कैंप केवल अवकाश का सदुपयोग नहीं बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि खेल, कला, विज्ञान और नेतृत्व संबंधी गतिविधियां बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को उजागर करने का कार्य करती हैं। उन्होंने बच्चों को निरंतर सीखने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपनी क्षमताओं को पहचानकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

समारोह के दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधरोपण भी किया गया। अतिथियों ने बच्चों को पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और उन्हें प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने के लिए प्रेरित किया।

उल्लेखनीय है कि 18 मई से 10 जून 2026 तक आयोजित इस 21 दिवसीय समर कैंप में लगभग 175 बच्चों ने भाग लिया। बच्चों को आयु वर्ग के अनुसार विभिन्न समूहों में विभाजित कर योग, फिटनेस, खेलकूद, संगीत, नृत्य, कला एवं शिल्प, विज्ञान एवं नवाचार, सार्वजनिक वक्तृत्व, नेतृत्व विकास तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया।

समर कैंप के सफल आयोजन ने न केवल बच्चों के भीतर आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास किया, बल्कि उन्हें अनुशासन, टीम भावना और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे महत्वपूर्ण जीवन मूल्यों से भी जोड़ने का कार्य किया। कार्यक्रम के समापन पर अभिभावकों ने एसईसीएल की इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सराहनीय प्रयास बताया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment