एसईसीएल मुख्यालय में पांच कर्मियों को सम्मानपूर्ण विदाई, सेवा और समर्पण को किया गया नमन

बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय, बिलासपुर से 31 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त हुए पांच अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर मुख्यालय स्थित सीएमडी कक्ष में सभी सेवानिवृत्त कर्मियों का शाल, श्रीफल एवं पुष्पहार से सम्मान किया गया तथा उन्हें सेवानिवृत्ति संबंधी समस्त देयकों का चेक सौंपकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
इसके बाद मुख्यालय प्रशासनिक भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित विदाई समारोह में निदेशक (तकनीकी-संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, निदेशक (तकनीकी-योजना/परियोजना) रमेश चन्द्र महापात्र, विभिन्न विभागाध्यक्ष, श्रमसंघ प्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
समारोह में मुख्य प्रबंधक (खनन) प्रसन्न कुमार निगम (योजना-परियोजना विभाग), मुख्य प्रबंधक (खनन) सनत कुमार तिवारी (खान सुरक्षा एवं बचाव विभाग), कार्यालय अधीक्षक राकेश कुमार सरकार (कंपनी सचिव सचिवालय), कार्यालय अधीक्षक सूर्यकांत पाण्डेय (केंद्रीय आवक-जावक विभाग) तथा सहायक सुरक्षा उप निरीक्षक रामजी पाण्डेय (सुरक्षा विभाग) को उनकी दीर्घ एवं उल्लेखनीय सेवाओं के लिए सम्मानित करते हुए भावभीनी विदाई दी गई।
अपने संबोधन में शीर्ष प्रबंधन ने कहा कि एसईसीएल की सफलता और प्रगति में सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनकी कार्यनिष्ठा, अनुभव, समर्पण और जिम्मेदारी ने संस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। प्रबंधन ने कहा कि इन कर्मियों की सेवाओं को सदैव सम्मानपूर्वक याद रखा जाएगा और उनके अनुभव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगे। साथ ही सभी के स्वस्थ, सुखद एवं समृद्ध पारिवारिक जीवन की कामना की गई।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी एसईसीएल परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्था में उन्हें हमेशा सहयोग, सम्मान और सीखने का अवसर मिला। यहां के अधिकारी और कर्मचारी टीम भावना के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करते हैं, जिसने उनके कार्यकाल को यादगार बनाया।
कार्यक्रम का संचालन एवं सेवानिवृत्त कर्मियों का परिचय प्रबंधक (राजभाषा) सविता निर्मलकर ने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। पूरे समारोह का माहौल भावुक होने के साथ-साथ सम्मान और आत्मीयता से भरपूर रहा, जहां उपस्थित सभी लोगों ने सेवानिवृत्त कर्मियों के उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाओं के साथ विदाई दी।

















