ड्यूटी के दौरान शराब सेवन और शासकीय वाहन दुर्घटनाग्रस्त करने पर आरक्षक सेवा से पृथक
एमसीबी। ड्यूटी के दौरान शराब का सेवन करने और शासकीय वाहन को दुर्घटनाग्रस्त करने के मामले में जिला पुलिस एमसीबी ने कड़ी विभागीय कार्यवाही करते हुए आरक्षक को सेवा से पृथक कर दिया है। विभागीय जांच में आरोप प्रमाणित पाये जाने के बाद सक्षम प्राधिकारी ने यह कार्यवाही की है
पुलिस के अनुसार थाना जनकपुर क्षेत्र में 19 जुलाई 2026 को डायल-112 वाहन क्रमांक सीजी 03 ए 2700 में ड्यूटी के दौरान आरक्षक क्रमांक 204 अविनाश गुप्ता द्वारा शराब सेवन किये जाने और शासकीय वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना सामने आई थी। घटना के बाद कराई गई ब्रेथ एनालाइजर जांच में आरक्षक के शरीर में 388 एमजी एल्कोहल कंटेंट पाया गया था। ड्यूटी के दौरान वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से शासकीय वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ। मामले को गंभीरता से लेते हुए ड्यूटी के दौरान शराब सेवन, शासकीय वाहन को दुर्घटनाग्रस्त करने, कर्तव्य के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोपों के संबंध में विभागीय कार्यवाही शुरू की गई
प्रारंभिक कार्यवाही के तहत कार्यालयीन आदेश दिनांक 20 जुलाई 2026 के माध्यम से आरक्षक अविनाश गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद प्रकरण में विभागीय जांच संपादित की गई जिसमें लगाये गये आरोप प्रमाणित पाये गये। विभागीय जांच के निष्कर्षों के आधार पर सक्षम प्राधिकारी द्वारा 16 सितंबर 2026 को आरक्षक क्रमांक 204 अविनाश गुप्ता को पुलिस सेवा से पृथक करने की कार्यवाही की गई। जिला पुलिस ने इस कार्यवाही के माध्यम से ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति लापरवाही के मामलों में विभागीय स्तर पर सख्त रुख का संकेत दिया है


































































