दुग्धा कोल वाशरी बीसीसीएल द्वारा आज सरस्वती विद्या मंदिर (एसवीएम), दुग्धा परिसर में एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में निवारक स्वास्थ्य देखभाल (प्रिवेन्टिव हेल्थकेयर) के प्रति जागरूकता बढ़ाना, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण को प्रोत्साहित करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
इस दौरान दुग्धा कोल वाशरी (डीसीडब्ल्यू) के चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम ने छात्र-छात्राओं की लंबाई, वजन, दृष्टि एवं दंत स्वास्थ्य की विस्तृत जांच एवं स्क्रीनिंग की। आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी प्रदान किया गया, जिससे बच्चों के समग्र शारीरिक विकास एवं स्वास्थ्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
उल्लेखनीय है कि गत माह निदेशक मंडल के साथ दुग्धा कोल वाशरी के भ्रमण के दौरान सीएमडी बीसीसीएल, श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने सरस्वती विद्या मंदिर, दुग्धा में विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार के स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए थे। उन्हीं दिशा-निर्देशों के अनुपालन में आज इस निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
‘चलो मिलकर एक स्वस्थ भविष्य का निर्माण करें!’ के मूल मंत्र के साथ बीसीसीएल अपने परिचालन क्षेत्रों के आसपास रहने वाले समुदायों के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक विकास को निरंतर प्राथमिकता देता रहा है। इस प्रकार के स्वास्थ्य जांच शिविर विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ संभावित स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिविर का नेतृत्व दुग्धा कोल वाशरी के डिप्टी मेडिकल सर्जन डॉ. मुकेश कुमार ने किया। इस अवसर पर दुग्धा कोल वाशरी के परियोजना पदाधिकारी श्री अमित कुमार, सरस्वती विद्या मंदिर के शिक्षकगण एवं विद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन में अपना सक्रिय सहयोग प्रदान किया।



































