धार्मिक स्थलों पर पहुंची रामनगर पुलिस, साइबर ठगी से बचाव के बताए आसान उपाय
ऑपरेशन ‘सेफ क्लिक 2.0’ के तहत मंदिर और मस्जिद में चलाया जागरूकता अभियान, हेल्पलाइन 1930 की दी जानकारी
अनूपपुर। पुलिस मुख्यालय एवं गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार संचालित ऑपरेशन ‘सेफ क्लिक 2.0’ के तहत शुक्रवार को थाना रामनगर पुलिस ने धार्मिक स्थलों पर विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए। यह अभियान पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मारकाम तथा एसडीओपी कोतमा आरती शाक्य के निर्देशन में आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान थाना रामनगर पुलिस की टीम काली मंदिर राजनगर, सीएमपीडीआई स्थित शिव मंदिर तथा जुमे की नमाज के अवसर पर सीआरओ मस्जिद राजनगर पहुंची। यहां बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को डिजिटल माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों और उनसे बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर ठग फर्जी फोन कॉल, ओटीपी, केवाईसी अपडेट, बैंक अधिकारी बनकर कॉल, डिजिटल अरेस्ट, निवेश के नाम पर धोखाधड़ी, सोशल मीडिया हैकिंग, ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड तथा यूपीआई ठगी जैसे नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी, सीवीवी, यूपीआई पिन या पासवर्ड साझा न करें।
पुलिस ने नागरिकों को बताया कि साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें तथा www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही सभी से स्वयं सतर्क रहने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।




































