मनेन्द्रगढ़ पुलिस ने हत्या के मामले में आरोपियों को दबोचा, घटना में प्रयुक्त डंडे बरामद
मनेन्द्रगढ़। चोरी के संदेह में एक युवक के साथ मारपीट करने के बाद उसकी उपचार के दौरान मौत के मामले में कोतवाली मनेन्द्रगढ़ पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडे भी बरामद किये हैं।
पुलिस के अनुसार ग्राम कठौतिया निवासी प्रमिला गोंड ने थाना कोतवाली मनेन्द्रगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 जून 2026 की रात करीब 1 बजे उसका पति राजकुमार गोंड शराब के नशे में घर जाने की बात को लेकर विवाद के बाद घर से निकल गया था। कुछ समय बाद जब वह अपने पति की तलाश करते हुए ग्राम बिछली पहुंची तो रात करीब 3 बजे राजकुमार सड़क किनारे घायल अवस्था में मिला। आरोप है कि ग्राम बिछली निवासी गजरूप सिंह सहित अन्य लोगों ने चोरी के संदेह में राजकुमार को रोक लिया और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का और डंडे से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी प्रमिला के साथ भी मारपीट की गई जिससे उसे भी चोटें आईं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। राजकुमार की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया जहां 18 जून 2026 को सुबह उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
मामले की मर्ग जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रकरण में हत्या की धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता जोड़ी। विवेचना के दौरान पुलिस ने गवाहों के बयान, घटनास्थल निरीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की संलिप्तता पाई।
पुलिस ने मामले में
गजरूप सिंह (68 वर्ष) पिता स्व. हरिलाल सिंह निवासी बिछली पटेलपारा,
मनोज सिंह (40 वर्ष) पिता नारायण सिंह निवासी बिछली पटेलपारा और
कौशल सिंह (40 वर्ष) पिता सुद्धू सिंह निवासी बिछली पटेलपारा को गिरफ्तार किया है। आरोपी गजरूप सिंह और मनोज सिंह के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडे बरामद किये गये हैं। यह कार्यवाही पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा (आईपीएस) के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह (आईपीएस) के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक के निर्देशन में की गई है।
सम्पूर्ण कार्यवाही में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले, प्रशिक्षु उप निरीक्षक मनीष, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सोमी वर्मा, सहायक उपनिरीक्षक शोभनाथ लकड़ा, अभिषेक पाण्डेय, प्रधान आरक्षक प्रिन्स राय सहित आरक्षक प्रदीप, ज्ञानेश्वर, आजाद और दुवेन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एमसीबी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी विवाद या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें और कानून व्यवस्था बनाये रखने में सहयोग करें।




































