चिरमिरी में स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा मंच बना मेगा कैंप, पहले दिन हजारों मरीज पहुंचे

---Advertisement---

चिरमिरी में स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा मंच बना मेगा कैंप, पहले दिन हजारों मरीज पहुंचे

दस हजार लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण का लक्ष्य, गंभीर मरीजों को जरूरत पड़ने पर बड़े शहरों में भी मिलेगा नि:शुल्क उपचार

एमसीबी/चिरमिरी। चिरमिरी में आयोजित दो दिवसीय मेगा हेल्थ कैंप बुधवार को स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा केंद्र बन गया। सुबह से ही शिविर स्थल पर मरीजों और उनके परिजनों की भीड़ उमड़ती रही। दोपहर एक बजे तक ही एक हजार से अधिक मरीजों का पंजीयन हो चुका था। आयोजकों ने दिनभर में करीब 2500 मरीजों के पहुंचने का अनुमान जताया जबकि पूरे शिविर में 10 हजार लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण का लक्ष्य रखा गया है।
शिविर में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मरीजों की जांच कर परामर्श और उपचार उपलब्ध करा रही है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और चिकित्सकों तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम से उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, एसईसीएल चिरमिरी के मुख्य महाप्रबंधक रमेश और महापौर रामनरेश राय सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

घर-द्वार तक स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना लक्ष्य

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं लोगों को उनके घर द्वार के नजदीक उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अलग अलग अस्पतालों के विशेषज्ञ चिकित्सकों को चिरमिरी लाकर मरीजों को उपचार की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने बताया कि शिविर के दूसरे दिन रायपुर के बड़े अस्पतालों की विशेषज्ञ चिकित्सा टीमें भी सेवाएं देंगी।

गंभीर मरीजों को बड़े शहरों में मिलेगा उपचार

मेगा हेल्थ कैंप में गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिये भी विशेष व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जिन मरीजों को बेहतर उपचार के लिये दिल्ली, मुंबई या देश के अन्य बड़े शहरों में भेजने की आवश्यकता होगी, उनके उपचार की व्यवस्था कराई जायेगी। जरूरतमंद मरीजों के आने जाने की सुविधा भी नि:शुल्क उपलब्ध कराने की बात कही गई।

स्वास्थ्य के साथ नशामुक्ति का संदेश

शिविर के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई वहीं जरूरतमंद हितग्राहियों को छड़ी और श्रवण यंत्र वितरित किये गये। कार्यक्रम में 8 डेड बॉडी फ्रीजर भी प्रदान किये गये। शिविर में अपनी सेवाएं देने पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों को स्वास्थ्य मंत्री ने स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।

देहदान के लिये भी बढ़ी जागरूकता

मेगा हेल्थ कैंप में चिकित्सा सेवाओं के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश भी देखने को मिला। कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने देहदान का संकल्प लिया। आयोजकों के अनुसार अब तक 10 लोगों ने देहदान के लिये सहमति जताई है जबकि तीन लोगों ने औपचारिक रूप से देहदान का संकल्प लिया है।

मरीजों को एक ही स्थान पर मिल रही विशेषज्ञ सुविधा

शिविर में अलग अलग बीमारियों की जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श और आवश्यक उपचार की सुविधा एक ही स्थान पर मिलने से क्षेत्रवासियों में उत्साह है। सुबह से ही बड़ी संख्या में मरीज शिविर में पहुंचते रहे।
कार्यक्रम में एसईसीएल चिरमिरी के मुख्य महाप्रबंधक रमेश, एचएमएस महामंत्री बजरंगी शाही, विधायक प्रतिनिधि राजू नायक, जिला भाजपा महामंत्री द्वारिका जायसवाल, महापौर रामनरेश राय, सभापति संतोष सिंह, मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम सोनकर, मंडल महामंत्री रीत जैन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे, बबलू डे सहित एमआईसी सदस्य, जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment