बंजर भूमि हुई हरी-भरी: परमानंद जी ने दिखाई किसानों को नई राह

---Advertisement---
  • बंजर धरती पर हरियाली का चमत्कार: परमानंद कुमार ने तैयार किया 20 हजार फलदार पौधों का अनोखा उद्यान, विदेशी आमों की 40 प्रजातियां बनी आकर्षण का केंद्र

जमुना-कोतमा। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के पसान क्षेत्र से पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भरता और ग्रामीण विकास की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। यहां के पर्यावरण प्रेमी एवं प्रगतिशील कृषक परमानंद कुमार ने अपनी दूरदर्शी सोच और अथक परिश्रम से वर्षों से अनुपयोगी पड़ी बंजर भूमि को एक विशाल फलदार उद्यान में परिवर्तित कर दिया है। जमुना क्षेत्र के समीप स्थित इस फार्म हाउस में आज लगभग 20 हजार फलदार पौधे लहलहा रहे हैं, जिनमें 30 से 40 प्रजातियों के विदेशी आम, उन्नत किस्म के कटहल, अमरूद सहित कई दुर्लभ फलदार वृक्ष शामिल हैं।

कभी वीरान और सूखी पड़ी जमीन आज हरियाली से आच्छादित होकर क्षेत्र के किसानों और युवाओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बन गई है। परमानंद कुमार बताते हैं कि सही योजना, निरंतर देखभाल और धैर्य के साथ बंजर भूमि को भी उपयोगी बनाया जा सकता है। उनका मानना है कि शुरुआती दो से तीन वर्षों तक पौधों की उचित देखभाल की जाए तो आने वाले कई दशकों तक उनसे बेहतर उत्पादन और आर्थिक लाभ प्राप्त किया जा सकता है।

इस अनूठी पहल से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिला है, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं। परमानंद कुमार का कहना है कि यदि शासन और उद्यानिकी विभाग का सहयोग मिले तो इस मॉडल को बड़े स्तर पर विकसित कर जिले में रोजगार सृजन और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

परमानंद कुमार की इस उपलब्धि को देखने के लिए क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी फार्म हाउस पहुंचे। पसान नगर पालिका अध्यक्ष राम अवध सिंह ने इसे क्षेत्र की ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में इतने बड़े स्तर पर विकसित ऐसा फल उद्यान बहुत कम देखा है। उन्होंने इस कार्य को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और जिला प्रशासन से स्थल का अवलोकन कराने का आश्वासन दिया।

विधायक प्रतिनिधि उदय सिंह मामा ने इस फार्म हाउस को पर्यावरण संरक्षण और विकसित भारत की भावना को साकार करने वाली प्रेरणादायक पहल बताया। भाजपा मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह उर्फ मिंटू ने कहा कि यह प्रयास ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार और आर्थिक उन्नति के नए द्वार खोलने वाला है।

बागवानी स्थल के निरीक्षण के दौरान पर्यावरण प्रेमी परमानंद कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष राम अवध सिंह, विधायक प्रतिनिधि उदय सिंह मामा, भाजपा मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह उर्फ मिंटू, जनमंजय दुबे, संतोष चौरसिया, राजेश सिंह, गुलाब रजक, कोले दास, सुधीर सिंह, संतोष श्रीवास्तव, दीक्षित इंजीनियर एवं प्रेमदास सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

परमानंद कुमार की यह सफलता इस बात का जीवंत प्रमाण है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, वैज्ञानिक सोच और निरंतर परिश्रम से बंजर धरती को भी हरियाली और समृद्धि में बदला जा सकता है। उनका यह मॉडल अनूपपुर सहित पूरे कोयलांचल क्षेत्र के किसानों और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनकर उभरा है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment